अक्षय तृतीया 2025 पर 30 अप्रैल को मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा के साथ सोना-चांदी खरीदी जाएगी। जानिए शुभ मुहूर्त, महत्व और इस दिन क्या न खरीदें।
Akshaya Tritiya 2025: अक्षय तृतीया 2025 का पर्व इस बार 30 अप्रैल को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को यह पर्व आता है। इसे आखा तीज भी कहा जाता है और यह दिन मां लक्ष्मी तथा भगवान विष्णु की पूजा के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। साथ ही इस दिन सोना-चांदी जैसे कीमती धातुओं की खरीदारी का विशेष महत्व है। आइए जानते हैं अक्षय तृतीया 2025 पर सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, इसका महत्व और इस दिन क्या-क्या खरीदना चाहिए और किन वस्तुओं से बचना चाहिए।
अक्षय तृतीया 2025 की तिथि और शुभ मुहूर्त
अक्षय तृतीया की शुरुआत 29 अप्रैल 2025 को शाम 5:31 बजे होगी और इसका समापन 30 अप्रैल 2025 को दोपहर 2:12 बजे होगा।
सोना खरीदने का सबसे शुभ समय 30 अप्रैल को सुबह 5:41 बजे से दोपहर 2:12 बजे तक रहेगा। इस अवधि में लगभग 8 घंटे 30 मिनट तक खरीदारी करना अत्यंत लाभकारी रहेगा। इसके अतिरिक्त लाभ और अमृत के विशेष मुहूर्त सुबह 5:41 बजे से 9:00 बजे तक रहेंगे। शुभ मुहूर्त सुबह 10:39 बजे से दोपहर 12:18 बजे तक रहेगा। पूजा के लिए भी यही समय अत्यंत उत्तम माना गया है।
अक्षय तृतीया पर पूजा का सही समय
अक्षय तृतीया के दिन मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 5:41 बजे से दोपहर 12:18 बजे तक रहेगा।
इस दिन को अबूझ मुहूर्त भी कहा जाता है, यानी बिना विशेष पंचांग देखे कोई भी शुभ कार्य किया जा सकता है। इस दिन पूजा करने से सुख-समृद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
अक्षय तृतीया का पौराणिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन त्रेता युग की शुरुआत हुई थी। इसी दिन भगवान परशुराम का जन्म और गंगा नदी का पृथ्वी पर अवतरण भी हुआ था। इसके अलावा, इस दिन महर्षि वेदव्यास ने भगवान गणेश को महाभारत सुनाना प्रारंभ किया था। श्रीकृष्ण ने अपने परम मित्र सुदामा को इसी दिन धन-समृद्धि का आशीर्वाद भी दिया था। "अक्षय" का अर्थ है 'कभी नष्ट न होने वाला', इसीलिए इस दिन किए गए शुभ कार्यों और खरीदी गई संपत्ति को स्थायी समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
अक्षय तृतीया पर क्या खरीदना चाहिए
अक्षय तृतीया के दिन सोना और चांदी के आभूषण खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। इसके अलावा भूमि, मकान, वाहन जैसे बड़े निवेश भी इस दिन किए जा सकते हैं। यदि महंगी वस्तुएं खरीदना संभव न हो तो पीतल के बर्तन, मिट्टी का मटका, पीली सरसों या हल्दी जैसी वस्तुओं की खरीदारी भी शुभ फल देती है।
अक्षय तृतीया पर क्या नहीं खरीदना चाहिए
इस पवित्र दिन पर स्टील, एल्यूमिनियम और प्लास्टिक से बनी वस्तुएं खरीदने से बचना चाहिए। काले कपड़े, कांटेदार पौधे या कोई भी नकारात्मकता से जुड़ी चीजें इस दिन नहीं खरीदी जानी चाहिए। साथ ही इस दिन कर्ज लेना भी अशुभ माना गया है, क्योंकि इससे आर्थिक समस्याएं बढ़ सकती हैं।