देश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली से लेकर राजस्थान तक जहां गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, वहीं उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आंधी और बारिश के आसार हैं।
Weather Update: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है, जबकि पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने कल के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके मुताबिक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज भी अलग रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बरकरार रहेगा। वहीं, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और हिमपात का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम गर्म और उमस भरा बना रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में झुलसाएगी गर्मी
दिल्ली और एनसीआर के निवासियों को फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम साफ रहेगा और दिनभर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। लू का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश: पूर्वी हिस्सों में वर्षा, पश्चिम में लू
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज दो हिस्सों में बंटा रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहर जैसे वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां 36-38 डिग्री तक अधिकतम तापमान रहने का अनुमान है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मेरठ, आगरा और अलीगढ़ जैसे इलाकों में लू का कहर जारी रहेगा और तापमान 41-43 डिग्री तक पहुंच सकता है। पश्चिमी यूपी में धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है।
बिहार में आंधी-तूफान संग बारिश का मिजाज
बिहार के मौसम में हलचल देखने को मिल सकती है। पटना, गया, भागलपुर सहित कई जिलों में आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। किसानों को सलाह दी गई है कि फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें और खुले मैदानों में न जाएं।
झारखंड में भी बरस सकते हैं बादल
झारखंड के मौसम में भी बदलाव आने वाला है। रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान: तपते रेगिस्तान की गर्मी फिर चरम पर
राजस्थान में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर जैसे क्षेत्रों में तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में लू और हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान 40-42 डिग्री के बीच रहेगा। कहीं-कहीं हल्की धूलभरी आंधी चलने की संभावना है, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है।
मध्य प्रदेश: गर्मी के सितम से बेहाल
मध्य प्रदेश में भी हालात कुछ बेहतर नहीं हैं। इंदौर, उज्जैन जैसे पश्चिमी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री तक पहुंच सकता है। जबलपुर, सागर जैसे पूर्वी हिस्सों में तापमान थोड़ा कम रहकर 38-40 डिग्री के बीच रहेगा, लेकिन उमस परेशान कर सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और लू का असर जारी रहेगा।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग के मुताबिक, शिमला, मनाली, धर्मशाला और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ेगी
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ेगी। हैदराबाद और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26-28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कहीं-कहीं हल्की बारिश की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं।