देशभर में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। उत्तर भारत में जहां पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था, वहीं अब मौसम विभाग (IMD) ने राहत देने वाला अलर्ट जारी किया है।
Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। अप्रैल की भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कल के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति में थोड़ी राहत मिलेगी। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
वहीं, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र की वजह से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर और पंजाब-हरियाणा में गर्म हवाएं थमेंगी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल से लू का प्रकोप कम होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में गर्मी जरूर रहेगी, लेकिन तेज धूप की तुलना में बादलों की आवाजाही थोड़ी राहत दे सकती है। तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में 23 डिग्री के आसपास रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत के प्रमुख राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी मौसम की तल्खी कुछ कम होगी। अधिकतम तापमान 38 डिग्री के करीब रहेगा और कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। किसानों को मौसम को देखते हुए सिंचाई और फसल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल-उत्तराखंड में मौसम रहेगा सुहावना
शिमला, मनाली, मसूरी और नैनीताल जैसे पहाड़ी इलाकों में हल्की फुहारें और बादल छाए रहने की संभावना है। शीतल हवाओं के साथ तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
राजस्थान और महाराष्ट्र में बारिश के संकेत
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में लू से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। जयपुर और जोधपुर में तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है। गुजरात में अहमदाबाद और सूरत में उमस बढ़ेगी, वहीं कच्छ के आसपास आंधी या हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मुंबई में उमस भरा मौसम जारी रहेगा, जबकि विदर्भ और मराठवाड़ा में आंशिक बारिश के आसार हैं। पुणे और नागपुर जैसे शहरों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
पूर्वी भारत और मध्य भारत में भी राहत के संकेत
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। पटना, रांची और कोलकाता में तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी। मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और जबलपुर में भी लू की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं। पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर में भी आंशिक बादल और बूंदाबांदी की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के संकेत हैं।