एक्ट्रेस आयशा खान ने हाल ही में अपने निजी अनुभवों को साझा करते हुए बॉडी शेमिंग और ऑनलाइन सेक्शुअलाइजेशन पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें सिर्फ बॉडी साइज के कारण फिल्मों और गानों से बाहर किया गया और सोशल मीडिया पर उन्हें रोज रेप की धमकियां मिलती हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: एक्ट्रेस Ayesha Khan ने हाल ही में एक चौकाने वाला खुलासा किया है। पिछले साल आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' के स्पेशल नंबर 'शरारत' में नजर आईं आयशा ने बताया कि उन्हें एक गाने से सिर्फ उनके बॉडी साइज की वजह से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इंस्टाग्राम पर उन्हें रोज़ाना सेक्शुअलाइज किया जाता है और उन्हें रेप की धमकियां तक मिलती हैं।
‘मोटी’ कहकर हटाया गया गाने से
आयशा खान ने 'वी द वूमन' ईवेंट में खुलासा किया कि जब वे 12वीं क्लास में थीं, तब उन्हें टी-सीरीज के एक गाने में सेकेंड लीड के तौर पर लिया गया था। लेकिन शूट से एक रात पहले उन्हें ‘मोटी’ कहकर बदल दिया गया। आयशा ने बताया कि इसके बाद उन्हें अपने लुक और आत्मविश्वास को लेकर काफी संघर्ष करना पड़ा।
उन्होंने कहा, मुझे समझ आया कि समाज में महिलाओं को केवल उनके शारीरिक आकार से देखा जाता है। यह देखकर बहुत दुख होता है कि आपकी योग्यता और मेहनत के बजाय केवल बॉडी को लेकर फैसले लिए जाते हैं।

सोशल मीडिया पर सेक्शुअलाइजेशन और डर
आयशा ने इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया पर रोज होने वाली सेक्शुअलाइजेशन की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं नॉर्मल टॉप पहनूं तो लोग परेशान, स्कर्ट पहनूं तो भी। मुझे अपनी हर पोस्ट और कपड़े पहनने के फैसले से पहले सोचना पड़ता है। कभी-कभी ऐसे भद्दे कमेंट पढ़ने का मन नहीं करता, जिनमें लोग लिखते हैं कि मौका मिले तो वे मेरे साथ क्या करेंगे।”
आयशा ने खुलासा किया कि उन्हें सोशल मीडिया पर रेप की धमकियां रोज मिलती हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग ऐसे कमेंट करते हैं, अगर उनके पास ताकत होती तो शायद वही करते जो लिखते हैं। यह डराता है कि ये सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि असली लोग हैं। मुझे डर लगता है कि अगर मेरे पास पहचान और ताकत नहीं होती, तो शायद कुछ गलत हो सकता था।”
आयशा ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए सख्त कदम उठाने की जरूरत बताई ताकि महिलाओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह सुरक्षित महसूस हो।
आयशा खान का करियर
आयशा खान ने जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने एकता कपूर के टीवी शो ‘कसौटी ज़िंदगी की’ से डेब्यू किया और बाद में बालवीर रिटर्न्स में नजर आईं। साल 2022 में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘मुखचित्रम’ में सपोर्टिंग रोल निभाकर साउथ इंडस्ट्री में भी कदम रखा। साल 2023 में आयशा को बिग बॉस 17 के माध्यम से असली पहचान मिली। शो के बाद वे हर घर में जानी-पहचानी नाम बन गईं। इसके बाद उनका यूट्यूब शो ‘दिल को रफू कर ले’ और फिल्म ‘जाट’ में काम चर्चा में रहा।
आयशा ने फिल्म ‘धुरंधर’ के स्पेशल सॉन्ग ‘शरारत’ में भी परफॉर्मेंस दी थी, जिसे काफी सराहा गया। हाल ही में उन्होंने कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ में भी काम किया।









