अब इन संवेदनशील जगहों पर नहीं तैनात होंगे 'रीलबाज पुलिसकर्मी', CM योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश

अब इन संवेदनशील जगहों पर नहीं तैनात होंगे 'रीलबाज पुलिसकर्मी', CM योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में स्नान पर्वों और बड़े धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा और स्वच्छता पर कोई समझौता न करने को कहा। इसके साथ ही चेतावनी दी कि संवेदनशील स्थानों पर सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाले यानी रीलबाज पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं की जाए।

धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में समीक्षा बैठक कर कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली समेत आगामी स्नान पर्वों और बड़े मेलों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों और मेला क्षेत्रों में सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जाए। सीएम ने स्पष्ट कहा कि संवेदनशील स्थलों पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग न हो और पुलिस सिर्फ ड्यूटी पर ध्यान दे। बढ़े जलस्तर को देखते हुए SDRF और NDRF की तैनाती तथा फ्लोटिंग बैरियर, CCTV, प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल सिस्टम को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

आगामी पर्वों और मेलों को लेकर सख्त तैयारी

सीएम योगी की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक हुई जिसमें मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल, डीजीपी राजीव कृष्ण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और अन्य प्रमुख मेलों की तैयारियों की समीक्षा की गई.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्नान घाटों और मेला क्षेत्रों में स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए. श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बताई गई और कहा गया कि भीड़ प्रबंधन की योजना पहले से तैयार रहे.

‘रीलबाज पुलिसकर्मियों’ पर रोक, सुरक्षा पर जोर

योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर ऐसे पुलिसकर्मी तैनात न किए जाएं जो सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने में व्यस्त रहते हैं. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजक तत्वों की उपस्थिति बिल्कुल न हो और पुलिस सिर्फ ड्यूटी पर फोकस रखे.

सीएम ने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, CCTV कैमरे, फ्लोटिंग बैरियर और मेडिकल सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि शौचालय, खोया-पाया केंद्र और कपड़े बदलने के लिए कक्ष जैसी सुविधाओं की पहले से व्यवस्था हो ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े.

जलस्तर बढ़ा, सतर्कता और बढ़ी

नदियों में जलस्तर बढ़ने और तेज प्रवाह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने SDRF और NDRF की तैनाती के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बिना लाइफ जैकेट किसी भी नाविक या पर्यटक को नाव में जाने की अनुमति न दी जाए. घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने और बचाव दल को चौकस रहने का आदेश भी दिया गया.

Leave a comment