Columbus

Anant Chaturdashi 2025: इस व्रत में किन चीजों से करें परहेज़, जानें व्रत तिथि, नियम और पूजा विधि

Anant Chaturdashi 2025: इस व्रत में किन चीजों से करें परहेज़, जानें व्रत तिथि, नियम और पूजा विधि

अनंत चतुर्दशी 2025 का पर्व 6 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और अनंत सूत्र बांधने की परंपरा है। व्रत में नमक खाने की मनाही होती है, क्योंकि इसे परिवार पर नकारात्मक असर का कारण माना जाता है। व्रती सात्विक आहार ग्रहण करते हैं और विशेष मंत्र-जाप से विष्णु कृपा की कामना करते हैं।

Anant Chaturdashi 2025: इस साल अनंत चतुर्दशी का पर्व 6 सितंबर को पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह पर्व भगवान विष्णु की उपासना, अनंत सूत्र बांधने और व्रत करने के लिए खास माना जाता है। महिलाएं इस दिन परिवार के सौभाग्य और समृद्धि की कामना से व्रत रखती हैं। मान्यता है कि लगातार 14 साल तक यह व्रत करने से जीवन में सुख, ऐश्वर्य और सफलता की कमी नहीं रहती और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।

व्रत के नियम और मान्यताएं

अनंत चतुर्दशी के व्रत में कुछ चीजों का सेवन निषेध है। मान्यता है कि इस दिन नमक खाने से परिवार पर नकारात्मक असर पड़ता है और इसके दुष्परिणाम 14 साल तक झेलने पड़ सकते हैं। कहा जाता है कि नमक खाने से घर की बरकत खत्म हो जाती है और कलह बढ़ने लगता है। इसलिए व्रती को इस दिन नमक से परहेज करना चाहिए।

क्या खा सकते हैं व्रती

व्रत करने वाले आलू, साबूदाना, शकरकंद, फल, मखाने की खीर, मिठाई और कुट्टू के आटे से बने पकवान खा सकते हैं। ये सभी पारंपरिक व्रत के भोजन हैं, जिन्हें सात्विक और पचने में आसान माना जाता है।

विशेष पूजा और उपाय

अनंत चतुर्दशी पर 14 गांठों वाला अनंत सूत्र बांधना सबसे शुभ माना जाता है। आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक क्लेश को दूर करने के लिए इस दिन पूजा के बाद कलश में 14 लौंग और एक कपूर डालकर पूरे घर में घुमाया जाता है और फिर उसे किसी चौराहे पर रख दिया जाता है। भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए "ॐ अनन्ताय नमः" मंत्र का जाप और विशेष स्तोत्र का पाठ करने से जीवन में शांति और आध्यात्मिक उन्नति मिलती है।

Leave a comment