Pune

अंशुल कंबोज का टेस्ट डेब्यू: मैनचेस्टर में 35 साल बाद दोहराई गई इतिहास की कहानी

अंशुल कंबोज का टेस्ट डेब्यू: मैनचेस्टर में 35 साल बाद दोहराई गई इतिहास की कहानी

मैनचेस्टर टेस्ट 2025 में 24 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ अंशुल कंबोज ने जैसे ही डेब्यू किया, उसी के साथ एक 35 साल पुरानी कहानी दोहराई गई। 1990 में इसी ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर अनिल कुंबले ने अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

IND vs ENG, 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के प्रतिष्ठित ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने तीन बड़े बदलाव किए हैं और सबसे खास नाम है 24 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ अंशुल कंबोज, जो इस मुकाबले में टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं। लेकिन उनका डेब्यू केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि इससे 35 साल पुरानी एक ऐतिहासिक कहानी भी दोहराई गई है।

35 साल बाद मैनचेस्टर में किसी भारतीय का डेब्यू

अंशुल कंबोज से पहले 1990 में भारत के दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने मैनचेस्टर में ही इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद लंबे समय तक किसी भारतीय खिलाड़ी ने इस मैदान पर अपना करियर शुरू नहीं किया था। अब 2025 में, ठीक 35 वर्षों बाद, कंबोज इस ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट कैप पहनने वाले भारतीय बन गए हैं।

अनिल कुंबले और अंशुल कंबोज के बीच खास संयोग

कंबोज और कुंबले के बीच एक और अनोखा और खास कनेक्शन है – दोनों ने अपने-अपने करियर में एक पारी में 10 विकेट लेने का कारनामा किया है। अनिल कुंबले ने 1999 में दिल्ली में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में एक पारी में सभी 10 विकेट चटकाए थे। वहीं अंशुल कंबोज ने 2024 में रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट लेकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था।

इस दुर्लभ उपलब्धि ने कंबोज को एक खास पहचान दिलाई और अब वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के भविष्य के तेज गेंदबाज के रूप में देखे जा रहे हैं। अंशुल कंबोज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक कुल 24 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 79 विकेट चटकाए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 25 मैचों में 40 विकेट लिए हैं।टी20 प्रारूप में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जिसमें उन्होंने अब तक 34 विकेट लिए हैं।

कंबोज को इंग्लैंड की पिचों पर खेलने का अनुभव पहले से है। उन्होंने हाल ही में India A की ओर से England Lions के खिलाफ दो फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए थे। इस अनुभव का लाभ उन्हें चौथे टेस्ट में निश्चित रूप से मिलेगा।

भारतीय टीम में हुए 3 बदलाव

चौथे टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में तीन बड़े बदलाव देखने को मिले हैं: साईं सुदर्शन को करुण नायर की जगह शामिल किया गया है, जो अब तक सीरीज में संघर्ष कर रहे थे। शार्दुल ठाकुर को चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह मौका मिला है। अंशुल कंबोज को आकाश दीप की जगह टीम में जगह दी गई है।

यह बदलाव टीम इंडिया को मजबूती देने के उद्देश्य से किए गए हैं, क्योंकि भारत इस पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से पीछे चल रहा है और इस मुकाबले को जीतना बेहद जरूरी हो गया है। मैनचेस्टर की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है और इस लिहाज से कंबोज जैसे युवा तेज गेंदबाज की भूमिका बेहद अहम होगी।

Leave a comment