विधु इशिका ने मिसेज अर्थ इंटरनेशनल 2025 का खिताब जीतकर भारत का नाम वैश्विक मंच पर रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में उनकी जीत सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है।
Mrs Earth International 2025: भारतीय मूल की सुंदरता, आत्मबल और प्रेरणा की मिसाल बनीं विधु इशिका ने Mrs Earth International 2025 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही उन्होंने न केवल भारत का नाम गर्व से ऊँचा किया है, बल्कि उन तमाम महिलाओं और लड़कियों के लिए एक नई उम्मीद भी जगाई है, जिन्हें कभी यह कहकर हतोत्साहित किया गया था कि वे ऐसा नहीं कर सकतीं।
विधु इशिका की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि यह केवल एक ब्यूटी पेजेंट की जीत नहीं है, बल्कि यह सामाजिक बाधाओं और रूढ़िवादी सोच को तोड़कर खुद को साबित करने का उदाहरण है।
टीवी होस्ट से इंटरनेशनल ब्यूटी क्वीन बनने तक का सफर
विधु इशिका का करियर टीवी इंडस्ट्री से शुरू हुआ था। वह कई मशहूर शोज़ में होस्ट की भूमिका निभा चुकी हैं। उनकी कम्युनिकेशन स्किल्स और मंच पर आत्मविश्वास ने उन्हें पहचान दिलाई। लेकिन इशिका केवल कैमरे तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने एक सस्टेनेबल फैशन प्लेटफॉर्म की भी स्थापना की, जिसका मकसद पर्यावरण के अनुकूल फैशन को बढ़ावा देना है। वे फैशन को केवल स्टाइल का माध्यम नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश का जरिया मानती हैं। यही सोच उन्हें बाकी प्रतिभागियों से अलग बनाती है।
विधु इशिका ने मिसेज अर्थ इंटरनेशनल 2025 का खिताब जीतने के बाद सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट साझा करते हुए कहा: यह सिर्फ मेरी जीत नहीं है, यह हर उस लड़की की जीत है जिसे कभी कहा गया कि वह ऐसा नहीं कर सकती। यह जीत भारतीय विरासत, संगीत और नारीत्व की घोषणा है। उनके इस संदेश ने हजारों महिलाओं को प्रेरणा दी है, खासकर उन महिलाओं को जो पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक दबाव के चलते अपने सपनों से दूर हो चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर मिला जबरदस्त प्यार
इशिका की इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों की बाढ़ आ गई है। Mrs India Universe – The Dream के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी उनके बारे में पोस्ट किया गया, जिसमें उनकी जीत और योगदान को सराहा गया। विधु ने इंस्टाग्राम स्टोरी सेक्शन में अपने दोस्तों, फैन्स और शुभचिंतकों के भेजे गए बधाई संदेशों को शेयर करते हुए सभी को धन्यवाद दिया।
उन्होंने लिखा, आपके प्यार और समर्थन ने मुझे यहां तक पहुंचाया है। यह सफर आपके बिना अधूरा होता। विधु इशिका की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि यह भारत की महिला सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ाया गया एक और ऐतिहासिक कदम है। ग्लोबल मंच पर एक भारतीय महिला का इस तरह सम्मानित होना देश की सकारात्मक छवि को मजबूत करता है।