भारतीय युवा बल्लेबाज आदर्श सिंह का ऐतिहासिक कारनामा, ठोका तूफानी दोहरा शतक, 26 गेंदों में पूरे किए 100 रन

भारतीय युवा बल्लेबाज आदर्श सिंह का ऐतिहासिक कारनामा, ठोका तूफानी दोहरा शतक, 26 गेंदों में पूरे किए 100 रन

उत्तर प्रदेश के विस्फोटक ओपनर आदर्श सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने यह शानदार पारी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मेंस अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी एलिट के क्वार्टर फाइनल 2 मुकाबले में खेली।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके आदर्श सिंह ने घरेलू क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए आदर्श ने मेंस अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी एलीट के क्वार्टर फाइनल-2 मुकाबले में मुंबई जैसी मजबूत टीम के खिलाफ नाबाद 223 रन की तूफानी पारी खेलकर नया इतिहास रच दिया। यह मुकाबला मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया।

आदर्श सिंह की इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 453/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया और मुंबई पर जबरदस्त दबाव बना दिया।

संयम से शुरुआत, फिर तूफानी अंदाज

आदर्श सिंह ने अपनी पारी की शुरुआत बेहद समझदारी से की। उन्होंने आक्रामकता दिखाने से पहले क्रीज पर समय बिताया और अपना पहला अर्धशतक 67 गेंदों में पूरा किया। इसके बाद उन्होंने गति बढ़ाई और 103 गेंदों में अपना शतक जड़ा। शतक पूरा करने के बाद आदर्श पूरी तरह अलग ही मूड में नजर आए।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उन्होंने 100 से 200 रन तक का सफर महज 26 गेंदों में तय कर लिया। इतने कम समय में दोहरे शतक तक पहुंचना घरेलू क्रिकेट में बेहद दुर्लभ उपलब्धि मानी जाती है।

उन्होंने अपनी 138 गेंदों की नाबाद पारी में 18 छक्के और 14 चौके लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट और शॉट सिलेक्शन ने दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों को हैरान कर दिया।

आदर्श और स्वास्तिक की शतकीय ओपनिंग साझेदारी

उत्तर प्रदेश की पारी की मजबूत नींव आदर्श सिंह और स्वास्तिक चिकारा ने रखी। दोनों ने मिलकर 16.2 ओवरों में 113 रनों की शानदार ओपनिंग साझेदारी की। स्वास्तिक चिकारा ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों पर 73 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे। मुंबई की ओर से अथर्व भोंसले ने स्वास्तिक चिकारा को आउट किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश की कमान कुछ देर के लिए संभली जरूर, लेकिन आदर्श सिंह लगातार क्रीज पर डटे रहे और रन गति को बनाए रखा।

आदर्श के अलावा अली जफीर मोहसिन ने 31 रन, हालांकि वे भी बड़ी पारी खेलने से पहले आउट हो गए। जैद पाटनकर ने उत्तर प्रदेश के दो बल्लेबाजों रितिराज शर्मा और रितिक वत्स को जल्दी पवेलियन भेजा, लेकिन तब तक उत्तर प्रदेश एक विशाल स्कोर की ओर बढ़ चुका था। कप्तान समीर रिजवी भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सके। इसके बावजूद आदर्श सिंह ने एक छोर संभाले रखा और अंत तक नाबाद रहते हुए टीम को 453 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी दिखाया था दम

आदर्श सिंह कोई नया नाम नहीं हैं। उन्होंने 2024 अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उस टूर्नामेंट में उन्होंने 7 पारियों में 238 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे। उनका औसत लगभग 34 का रहा था, जो युवा खिलाड़ी के लिहाज से काफी प्रभावशाली माना जाता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में आदर्श सिंह ने दबाव के बीच 77 गेंदों पर 47 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। 

हालांकि, भारतीय टीम को उस फाइनल में 79 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन आदर्श उस मैच में भारत के सर्वाधिक स्कोर करने वाले बल्लेबाज रहे थे।

Leave a comment