2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बड़ा भाई बनाकर अपने चेहरे के तौर पर चुनाव लड़ा था। हालांकि जनता दल यूनाइटेड को केवल 43 सीटें मिलीं, फिर भी भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही पद पर बनाए रखा।
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है और एक नया नारा देकर राजनीतिक हलचल मचा दी है — “25 से 30, हमारे दो भाई, नरेंद्र और नीतीश”। इस नारे के साथ भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि 2025 का चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
विपक्ष के इस आरोप को भाजपा ने सिरे से खारिज कर दिया कि चुनाव के बाद पार्टी मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार को समर्थन नहीं देगी। इस घोषणा के बाद एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की एकजुटता का संदेश पूरे राज्य में मजबूती से फैल गया है।
2020 की यादें, 2025 की नई रणनीति
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश कुमार को ‘बड़ा भाई’ मानते हुए उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा था। उस समय जेडीयू को मात्र 43 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद भाजपा ने गठबंधन धर्म निभाते हुए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद सौंपा था।
अब 2025 के चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि सीएम चेहरा नीतीश कुमार ही रहेंगे। नया नारा '25 से 30, हमारे दो भाई, नरेंद्र और नीतीश' यही दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगले कार्यकाल तक साथ रहेंगे। यह नारा बिहार की राजनीति में ‘साझेदारी और स्थिरता’ का संदेश देने वाला साबित हो रहा है।
भाजपा का संदेश — 'बिहार में जारी रहेगी विकास की रफ्तार'
चुनाव घोषणा के तुरंत बाद भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रचार अभियान की शुरुआत की। पार्टी ने अपने आधिकारिक हैंडल से कई नारे जारी किए, जिनमें विकास, सुशासन और स्थिर सरकार पर जोर दिया गया। कुछ प्रमुख नारे इस प्रकार हैं:
- बिहार में जारी रहेगी विकास की तेज रफ्तार, 14 नवंबर को फिर एक बार NDA सरकार।
- जनता का विश्वास, फिर से NDA सरकार! बस 38 दिन का है इंतज़ार, थमेगी नहीं विकास की रफ्तार।
- बिहार की जनता का मूड, मन-मिजाज सिर्फ एनडीए के साथ — 160 से अधिक सीटों पर जीतकर 14 नवंबर को फिर आ रही प्रचंड बहुमत की सरकार!
इन नारों के जरिए भाजपा यह संदेश दे रही है कि बिहार की जनता विकास, रोजगार और स्थिरता चाहती है — और इसके लिए NDA ही भरोसेमंद विकल्प है।
जेपी नड्डा की अपील
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी बिहार चुनाव की घोषणा का स्वागत करते हुए एक लंबा संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा, भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा आज बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा का मैं स्वागत करता हूं। चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। यह विकास और सुशासन के पथ पर आगे बढ़ने का माध्यम है। पीएम मोदी के नेतृत्व में बिहार में NDA सरकार जनकल्याण और सुशासन का पर्याय बनी है।
उन्होंने कहा कि बिहार का यह चुनाव तीन प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित होगा, विकास की निरंतरता, घुसपैठ रोकना, और ‘जंगलराज’ की वापसी को रोकना। जेपी नड्डा ने जनता से अपील की कि वे बिहार को और आगे ले जाने के लिए भाजपा और एनडीए को आशीर्वाद दें। मुझे पूर्ण विश्वास है कि लोकतंत्र की जननी बिहार की पुण्यधरा की जनता इन चुनावों में एनडीए को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएगी।
विपक्षी दल लगातार यह आरोप लगा रहे हैं कि चुनाव के बाद भाजपा नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। राजद (RJD) और कांग्रेस जैसे दल इसे भाजपा-जेडीयू गठबंधन में मतभेद का संकेत बताकर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।