Columbus

बिहार राजनीति में बड़ी हलचल! कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह जन सुराज में हुईं शामिल

बिहार राजनीति में बड़ी हलचल! कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह जन सुराज में हुईं शामिल

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह ने जन सुराज पार्टी जॉइन कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर के विजन से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है।

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में रविवार को एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रतिभा सिंह ने जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने यह घोषणा समस्तीपुर के जन सुराज पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में की। प्रतिभा सिंह ने साफ तौर पर कहा कि वह प्रशांत किशोर के नेतृत्व, विचारधारा और बिहार को लेकर उनके दृष्टिकोण से प्रभावित हैं। यही कारण है कि उन्होंने कांग्रेस छोड़कर जन सुराज पार्टी को चुना।

प्रशांत किशोर की नीतियों से प्रभावित होकर लिया फैसला

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतिभा सिंह ने कहा, "प्रशांत किशोर बिहार को बदलने की जो सोच और रणनीति लेकर चल रहे हैं, वो सच्चे बदलाव की दिशा में एक ठोस प्रयास है। मैं उनके विजन से प्रेरित हूं और उनके साथ मिलकर काम करना चाहती हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि आज की राजनीति को व्यावहारिक, जनहितकारी और पारदर्शी बनाने के लिए जन सुराज जैसी सोच की जरूरत है। प्रशांत किशोर का अभियान सिर्फ एक राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि समाज को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।

महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए करेंगी काम

जन सुराज के जिला अध्यक्ष आमिर हैदर ने कहा कि प्रतिभा सिंह के पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा, “उनका राजनीतिक अनुभव और सामाजिक जुड़ाव पार्टी को बिहार के कोने-कोने तक पहुंचने में मदद करेगा। खासकर महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भागीदारी के क्षेत्र में उनकी भूमिका अहम होगी।”

प्रतिभा सिंह ने भी भरोसा दिलाया कि वह संगठन के साथ मिलकर महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए काम करेंगी।

राजनीतिक अनुभवों से भरपूर है प्रतिभा सिंह का सफर

प्रतिभा सिंह एक अनुभवी नेता हैं और उन्होंने बिहार की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।

  • 2004 से 2006 तक वह महिला कांग्रेस की प्रखंड अध्यक्ष रहीं।
  • 2006 से 2008 तक उन्होंने जिला युवा कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
  • 2008 से 2016 तक वह महिला कांग्रेस की राज्य सचिव रहीं और मुंबई के बांद्रा तथा मलाड संसदीय क्षेत्रों की प्रभारी भी रही हैं।
  • उन्होंने असलम शेख, सुनील दत्त, संजय निरुपम और प्रियंका चतुर्वेदी जैसे प्रमुख नेताओं के साथ काम किया है।

राजनीति के साथ-साथ शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय

राजनीति के अलावा प्रतिभा सिंह का सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान रहा है। वह ‘प्रतिभा विहार अकादमी’ की संस्थापक हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में काम करती है। साथ ही वह ‘लर्निंग व्हील्स ट्रांसपोर्टेशन कंपनी’ की भी संस्थापक हैं, जो स्कूली बच्चों की सुरक्षित परिवहन सेवा प्रदान करती है।

प्रेस वार्ता में मौजूद रहे कई वरिष्ठ पदाधिकारी

प्रतिभा सिंह के जन सुराज में शामिल होने के मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें जिला अध्यक्ष मो. आमिर हैदर, विप्लव चौधरी, रेखा देवी, निर्मल मिश्रा, मो. मुमताज, प्रो. सुरेन्द्र मोहन यादव और भगवान ठाकुर शामिल थे। सभी ने प्रतिभा सिंह का स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी।

Leave a comment