नए साल पर रिलीज़ हुई फिल्म ‘इक्कीस’ ने सिनेमाघरों में अच्छी शुरुआत की और पहले दिन लगभग ₹7 करोड़ की कमाई की। वहीं, 28 दिनों से लगातार हिट चल रही ‘धुरंधर’ ने गुरुवार को लगभग ₹15.75 करोड़ की कमाई करते हुए अपने प्रदर्शन को बरकरार रखा।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: नए साल की शुरुआत के साथ भारतीय और हॉलीवुड फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां 28 दिनों से सिनेमाघरों में जमी फिल्म ‘धुरंधर’ अपनी पकड़ बनाए हुए है, वहीं गुरुवार को रिलीज हुई धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ ने भी ठीक-ठाक ओपनिंग दर्ज की है।
दूसरी तरफ, कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ लगातार कमजोर पड़ती नजर आ रही है। इसके अलावा हॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ भी भारतीय बॉक्स ऑफिस पर स्थिर प्रदर्शन कर रही है।
‘इक्कीस’ की ओपनिंग: नए चेहरे के बावजूद भरोसेमंद शुरुआत

नए साल के मौके पर रिलीज हुई फिल्म ‘इक्कीस’ ने पहले दिन 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा फिल्म ट्रेड के अनुसार संतोषजनक माना जा रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अगस्त्य नंदा एक न्यूकमर हैं। अगस्त्य, बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के नाती हैं और इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
फिल्म में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र भी अहम भूमिका में नजर आए हैं, और इसे उनकी आखिरी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों में भावनात्मक जुड़ाव भी देखने को मिल रहा है। शुरुआती कलेक्शन यह संकेत देता है कि अगर वर्ड ऑफ माउथ मजबूत रहा, तो आने वाले दिनों में ‘इक्कीस’ की कमाई और बढ़ सकती है।
कार्तिक आर्यन की फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष
वहीं, कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे स्टारर फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ के लिए हालात चिंताजनक बने हुए हैं। रिलीज के आठवें दिन फिल्म ने सिर्फ 1.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। अब तक इस फिल्म की कुल कमाई लगभग 30.2 करोड़ रुपये तक ही पहुंच सकी है। दिलचस्प बात यह है कि ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने भी करीब 7 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो ‘इक्कीस’ के पहले दिन के कलेक्शन के बराबर है।
हालांकि, इसके बाद फिल्म की रफ्तार तेजी से धीमी पड़ गई। मजबूत कंटेंट और प्रतिस्पर्धी फिल्मों की मौजूदगी के बीच यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाने में नाकाम रही है।
‘धुरंधर’ का दबदबा कायम

साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल ‘धुरंधर’ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मजबूत कहानी और दर्शकों का प्यार किसी भी फिल्म को लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिकाए रख सकता है। रिलीज के 28वें दिन भी फिल्म ने 15.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है। अब तक फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 739 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
नए साल के पहले दिन भी फिल्म के कलेक्शन में कोई खास गिरावट नहीं देखी गई, जो इसके मेगा-ब्लॉकबस्टर होने की पुष्टि करता है। ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, ‘धुरंधर’ जल्द ही कुछ और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
‘अवतार: फायर एंड ऐश’ का स्थिर प्रदर्शन
हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ भी भारतीय सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 14वें दिन करीब 6.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। भारत में इसका कुल कलेक्शन अब तक 159.90 करोड़ रुपये हो चुका है। भले ही यह फिल्म ‘धुरंधर’ जैसी रफ्तार न पकड़ पाई हो, लेकिन साइंस फिक्शन और विजुअल इफेक्ट्स के शौकीन दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता बनी हुई है।











