बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह स्टारर फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ ने ऐसा तूफ़ान मचाया है कि हालिया रिलीज़ अन्य फिल्मों की चमक पूरी तरह फीकी पड़ गई है। कॉमेडी और इमोशन से भरपूर यह फिल्म अपने दूसरे वीकेंड में भी मजबूती से टिके रहने में सफल रही है।
Box Office Collection: अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ को रिलीज़ हुए 10 दिन हो चुके हैं। प्यार और उम्र के बीच बड़े फासलों में उलझी इस कहानी को कॉमेडी, इमोशन और मनोरंजन के तड़के के साथ पेश किया गया है। साल 2019 में आई ‘दे दे प्यार दे’ की सीक्वल यह फिल्म अपने फर्स्ट हाफ में दर्शकों को खूब गुदगुदाती है, लेकिन दूसरा हाफ कहानी से भटकता हुआ नजर आता है। दूसरी ओर इमरान हाशमी और यामी गौतम की फिल्म ‘हक’ भी लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती हुई दिखाई दे रही है।
अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह के साथ आर. माधवन, गौतमी कपूर, इशिता दत्ता, जावेद जाफरी और मीजान जाफरी जैसे कलाकारों से सजी ‘दे दे प्यार दे 2’ 52 वर्षीय तलाकशुदा एनआरआई इन्वेस्टर आशीष मेहरा की कहानी है, जिससे 27 वर्षीय आयशा को प्यार हो जाता है।

10 दिनों में रॉकेट बनी ‘दे दे प्यार दे 2’
2019 में आई सुपरहिट फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ की इस सीक्वल को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की अनोखी प्रेम कहानी दर्शकों को एक बार फिर थिएटर तक खींच रही है। फिल्म के पहले हफ्ते के बाद भी इसका कलेक्शन स्थिर बना हुआ है, जो इसे हालिया रिलीज फिल्मों से काफी आगे ले जाता है।
Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने अपने दूसरे रविवार को 4.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। 10 दिनों में फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 61.85 करोड़ रुपये तक पहुँच चुका है। वहीं वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इसने 9 दिनों में 87 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि 10वें दिन तक यह फिल्म 90 करोड़ रुपये के करीब पहुँच जाएगी।
‘120 बहादुर’ और ‘मस्ती 4’ को छोड़ा पीछे
अजय देवगन की फिल्म ने अपने दूसरे वीकेंड में रिलीज़ हुई ‘120 बहादुर’ और कॉमेडी फ्रेंचाइज़ फिल्म ‘मस्ती 4’ को भी बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर देते हुए पीछे छोड़ दिया है। दोनों फिल्मों की कमाई ‘दे दे प्यार दे 2’ के मुकाबले बेहद कमजोर साबित हुई है। फिल्म की कमाई का स्थिर ग्राफ दर्शाता है कि माउथ-ऑफ-पब्लिसिटी भी इसके पक्ष में काम कर रही है। दर्शक फिल्म की हल्की-फुल्की कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनमेंट को काफी पसंद कर रहे हैं।

‘हक’: दमदार विषय, लेकिन कमजोर कमाई
दूसरी ओर इमरान हाशमी और यामी गौतम की फिल्म ‘हक’ बॉक्स ऑफिस पर मुश्किल दौर से गुजर रही है। जिग्ना वोरा की किताब ‘बानो भारत की बेटी’ से प्रेरित यह फिल्म शाह बानो केस की पृष्ठभूमि पर आधारित एक संवेदनशील कहानी को पर्दे पर लाती है। फिल्म में यामी गौतम शाजिया बानो, और इमरान हाशमी अब्बास खान के किरदार में हैं। कहानी उस दर्द और संघर्ष को दिखाती है, जो शाजिया को तब झेलना पड़ता है जब उसका पति दूसरी शादी कर लेता है और बच्चों की जिम्मेदारी से भी पीछे हट जाता है।
अपने हक़ के लिए लड़ती एक महिला की यह यात्रा कई दर्शकों को प्रभावित करती है, लेकिन यह प्रभाव टिकट खिड़की पर कमाई में नहीं बदल पाया। फिल्म का बजट 40–42 करोड़ रुपये के बीच बताया जाता है, लेकिन 17वें दिन तक यह फिल्म सिर्फ 19.26 करोड़ रुपये ही इकट्ठा कर सकी। वर्ल्डवाइड कलेक्शन 28.31 करोड़ के आसपास है, जो इसे बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप की सूची में ले जाता है।










