टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने हाल ही में अपने व्लॉग में खुलासा किया था कि उनके पेट में 13 मिमी की गांठ पाई गई है, जिसे डॉक्टरों ने सिस्ट बताया। उन्होंने बताया था कि इसके लिए एक छोटा-सा प्रोसीजर किया जाएगा।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: भारतीय टेलीविजन अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ की हाल ही में सर्जरी की गई है। उनके पेट में 13 मिलीमीटर की सिस्ट (गांठ) पाई गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने एक छोटा मेडिकल प्रोसिजर करने का निर्णय लिया। सर्जरी 24 फरवरी को हुई और फिलहाल अभिनेत्री अस्पताल में भर्ती हैं। उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को हेल्थ अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि प्रोसिजर सफल रहा और दीपिका की स्थिति स्थिर है। हालांकि उन्हें हल्का दर्द है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।
व्लॉग में दी थी सिस्ट की जानकारी
दीपिका ने हाल ही अपने यूट्यूब व्लॉग में खुलासा किया था कि उन्हें पेट में दर्द की शिकायत थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने 13mm की सिस्ट होने की पुष्टि की। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया और तय तारीख पर मेडिकल प्रक्रिया पूरी की गई। शोएब इब्राहिम ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “अल्लाह के करम और आप सभी की दुआओं से दीपिका का प्रोसिजर सफल रहा। वह ठीक हैं, बस थोड़ा दर्द है। आप सबकी प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।

लिवर कैंसर से उबर चुकी हैं दीपिका
दीपिका कक्कड़ का स्वास्थ्य पिछले एक वर्ष से चर्चा में रहा है। मई 2025 में उन्हें लिवर कैंसर का पता चला था। बीमारी दूसरे चरण (स्टेज 2) में थी। उस समय डॉक्टरों ने सर्जरी कर उनके लिवर का लगभग 22 प्रतिशत हिस्सा निकाल दिया था। सर्जरी के बाद दीपिका को दो साल तक ओरल टारगेटेड थैरेपी लेने की सलाह दी गई थी, ताकि कैंसर दोबारा न उभरे। सिस्ट मिलने के बाद शुरुआती लक्षणों ने उन्हें डरा दिया था क्योंकि दर्द पहले जैसी स्थिति की याद दिला रहा था। हालांकि, मेडिकल जांच में स्पष्ट हुआ कि यह कैंसर से संबंधित नहीं, बल्कि एक अलग सिस्ट थी।
डॉक्टरों ने पारंपरिक सर्जरी के बजाय एक न्यूनतम इनवेसिव प्रोसिजर अपनाया, जिसमें सिस्ट को शरीर के भीतर ही बर्न (नष्ट) किया गया। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया के बाद उनकी मौजूदा ओरल थैरेपी बंद की जा सकती है और जरूरत पड़ने पर इम्यूनोथैरेपी शुरू की जाएगी।
अचानक बढ़ा था दर्द
शोएब ने अपने व्लॉग में बताया कि एक दिन दोस्तों के घर जाने के दौरान दीपिका के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया था। दर्द कंधे तक फैल गया, जिसके बाद वे तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचे। सीटी स्कैन में सिस्ट का पता चला और डॉक्टरों ने तुरंत इलाज की योजना बनाई। दीपिका पिछले एक साल से स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अभिनय से दूर हैं।
वह आखिरी बार टीवी शो कहां हम कहां तुम में नजर आई थीं, जो 2019-2020 तक प्रसारित हुआ। इसके बाद उन्होंने 2025 में रियलिटी शो सेलेब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया में हिस्सा लिया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से बीच में ही शो छोड़ना पड़ा। दीपिका कक्कड़ भारतीय टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं और अपने अभिनय के साथ-साथ पारिवारिक व्लॉग्स के जरिए भी दर्शकों से जुड़ी रहती हैं।











