टमकोर कस्बे में एक ही रात 10 घरों में चोरी से लोगों में दहशत है। चोर सूने मकानों से नकदी और जेवर ले गए। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और CCTV की मदद से जांच कर रही है।
Jhunjhunu: झुंझुनूं जिले के टमकोर कस्बे में मंगलवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने अलग-अलग मोहल्लों में स्थित 10 मकानों के ताले तोड़कर चोरी की। बुधवार सुबह जब लोग नींद से जागे और अपने घरों की हालत देखी तो पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया।
एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में घरों में चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत और गुस्सा दोनों देखा गया। पीड़ित परिवारों ने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया।
सूने मकानों को बनाया निशाना
पीड़ितों ने बताया कि चोरों ने उन्हीं मकानों को निशाना बनाया, जहां परिवार के सदस्य किसी सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे या घर पूरी तरह से खाली थे।
चोरों ने बड़ी ही आसानी से मकानों के मुख्य दरवाजों और अलमारियों के ताले तोड़े। घरों में रखी नकदी, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान समेटकर चोर फरार हो गए। कुछ घरों में संदूकों और अलमारियों को पूरी तरह खंगाल दिया गया।

पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है, हालांकि अभी इसका सटीक आकलन नहीं हो पाया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
चोरी की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवार पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी प्रभावित मकानों का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झुंझुनूं से SFSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री) की विशेष टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थलों से फिंगरप्रिंट और फुटप्रिंट के नमूने एकत्र किए हैं, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस कस्बे के मुख्य चौराहों, गलियों और घरों के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के रास्तों और आने-जाने के मार्गों की भी जांच की जा रही है। हालांकि दिनभर चली जांच के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
एक ही रात में 10 घरों में चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।










