नेशनल हाईवे 52 पर कंटेनर से संतुलन बिगड़ने पर बाइक गिर गई। महिला का सिर कंटेनर के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
Rajasthan: टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र से गुजर रहे जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे 52 पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक पर सवार महिला की कंटेनर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गनीमत रहा और उसकी जान बच गई।
हादसा दोपहर करीब साढ़े बारह बजे कामधेनु सर्किल के पास हुआ। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
बाइक से गांव लौट रहा था दंपती
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान उर्मिला (50) पत्नी रामदयाल बैरवा के रूप में हुई है। दंपती मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे और पिछले कुछ समय से जयपुर में मजदूरी का काम कर रहे थे।
शनिवार को दोनों पति-पत्नी बाइक से जयपुर से अपने गांव लौट रहे थे। यात्रा के दौरान जैसे ही वे टोंक जिले की सीमा में पहुंचे, तभी हाईवे पर उनके साथ यह भीषण हादसा हो गया।
कंटेनर के पास से गुजरते समय बिगड़ा संतुलन

जांच में सामने आया है कि कामधेनु सर्किल के नजदीक बाइक के पास से तेज गति से कंटेनर निकला। इससे रामदयाल का संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी।
गिरने के दौरान उर्मिला सड़क की ओर गिर पड़ी और दुर्भाग्यवश उसका सिर कंटेनर के टायर के नीचे आ गया। कंटेनर का टायर सिर के ऊपर से गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामदयाल सड़क के दूसरी ओर गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में जिंदा बचे पति को एक ओर बैठाया गया, जो सदमे में था और लगातार रो रहा था। पुलिस ने दोनों को सआदत अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और शव को पति के सुपुर्द कर दिया।
वाहनों को लिया कब्जे मे
घटना के तुरंत बाद लोगों ने कंटेनर को आगे जाने से रोक लिया। पुलिस ने मौके से बाइक और कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
इस हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











