गोरखपुर - आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। जिले में डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान और सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से गोरखपुर जिले को एक यूनिट मानते हुए 12.37 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जारी की गई है।
सूची में ऐसे मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जिनके नाम, पिता या पति का नाम और अन्य विवरण एक जैसे हैं अथवा जिनके नाम एक से अधिक ग्राम पंचायतों में दर्ज पाए गए हैं। इन सभी मामलों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
सत्यापन की जिम्मेदारी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सौंपी गई है। बीएलओ मतदाताओं के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों के आधार पर जांच करेंगे। जांच के बाद वास्तविक मतदाता का नाम सूची में रखा जाएगा, जबकि डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची को पारदर्शी, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से संपन्न कराई जा सके।












