गोरखपुर: सादी वर्दी में पहुंची SOG टीम को ग्रामीणों ने बदमाश समझ कर घेरा, हंगामा के बीच आरोपी फरार

गोरखपुर: सादी वर्दी में पहुंची SOG टीम को ग्रामीणों ने बदमाश समझ कर घेरा, हंगामा के बीच आरोपी फरार

गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के बंजारा टोला में मंगलवार देर शाम बड़ी अफरातफरी मच गई, जब एक सादी वर्दी में पहुंची SOG टीम को ग्रामीणों ने बदमाश समझ लिया। गलतफहमी बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान पुलिस जिस आरोपी को पकड़ने गई थी, वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, एसओजी टीम वार्ड नंबर 12 के एक वांछित युवक को गिरफ्तार करने पहुंची थी। टीम सिविल ड्रेस में थी, जिससे ग्रामीणों को संदेह हो गया कि कोई आपराधिक गिरोह गांव में घुस आया है।

कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर सूचना पाकर पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर एसओजी टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।

हंगामे का फायदा उठाते हुए वांछित आरोपी मौके से गायब हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही, भविष्य में ऐसी गलतफहमी से बचने के लिए टीमों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a comment