ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026: कनाडा ने घोषित किया स्क्वॉड, 22 वर्षीय दिलप्रीत बाजवा बने कप्तान

ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026: कनाडा ने घोषित किया स्क्वॉड, 22 वर्षीय दिलप्रीत बाजवा बने कप्तान

कनाडा ने भारत और श्रीलंका में होने वाले ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। अपने पहले वर्ल्ड कप अनुभव से सीख लेते हुए टीम इस बार बड़ा प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेगी।

स्पोर्ट्स न्यूज़: ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और इसी कड़ी में कनाडा क्रिकेट टीम ने अपने स्क्वॉड का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होगी, जबकि कनाडा अपना पहला मुकाबला 9 फरवरी को खेलेगा।

इस घोषणा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कनाडा ने महज 22 साल के युवा खिलाड़ी दिलप्रीत बाजवा को टीम की कप्तानी सौंपी है। यह फैसला कनाडा क्रिकेट के भविष्य की दिशा और युवा नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाता है। दिलप्रीत बाजवा अब तक कनाडा के लिए 17 T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 28.35 के औसत से 397 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 133 से अधिक रहा है और वे चार अर्धशतक भी लगा चुके हैं। आक्रामक बल्लेबाजी और शांत नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कनाडा दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप में करेगा भागीदारी

T20 वर्ल्ड कप 2026 कनाडा की इस टूर्नामेंट में दूसरी भागीदारी होगी। इससे पहले टीम ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2024 में डेब्यू किया था। उस संस्करण में कनाडा ने ग्रुप स्टेज में चौथा स्थान हासिल किया था, लेकिन आयरलैंड जैसी मजबूत टीम को 12 रन से हराकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उस जीत के साथ कनाडा ने कुल तीन अंक अर्जित किए थे, जिसे टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना गया।

कनाडा ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप अमेरिका रीजनल फाइनल जीतकर क्वालिफाई किया। इस क्वालिफायर टूर्नामेंट में कनाडा का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। टीम ने खेले गए सभी 6 मुकाबले जीते और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए सीधे वर्ल्ड कप का टिकट कटाया।गेंदबाजी विभाग में शिवम शर्मा और कलीम सना ने क्वालिफायर में अहम भूमिका निभाई। 

ऑफ स्पिनर शिवम शर्मा ने 7.81 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट झटके, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कलीम सना ने 7.50 की इकॉनमी से 10 विकेट हासिल किए। भारतीय परिस्थितियों में यह गेंदबाजी जोड़ी कनाडा के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

बल्लेबाजी में भी दम

कनाडा की बल्लेबाजी यूनिट में अनुभवी और आक्रामक बल्लेबाजों का अच्छा संतुलन देखने को मिलता है। निकोलस किर्टन टीम के प्रमुख आक्रामक बल्लेबाज हैं, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती देने की क्षमता रखते हैं। उनके साथ बाएं हाथ के बल्लेबाज युवराज समरा टीम को मजबूती देंगे, जिनका स्ट्राइक रेट 160.72 है। इसके अलावा नवनीत धालीवाल, रविंदरपाल सिंह और श्रेयस मूव्वा जैसे खिलाड़ी मध्यक्रम को स्थिरता प्रदान करेंगे।

ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा को ग्रुप डी में रखा गया है, जहां उसे साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और UAE जैसी मजबूत टीमों का सामना करना होगा। यह ग्रुप टूर्नामेंट के सबसे चुनौतीपूर्ण ग्रुप्स में से एक माना जा रहा है। कनाडा अपना अभियान 9 फरवरी 2026 को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू करेगा।

कनाडा का स्क्वॉड

दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), अजयवीर हुंदल, अंश पटेल, डिलन हाइलिगर, हर्ष ठाकर, जसकरनदीप बुट्टर, कलीम सना, कंवरपाल तथगुर, नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर, शिवम शर्मा, श्रेयस मूव्वा और युवराज समरा।

Leave a comment