भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रोमांचक और ऐतिहासिक साबित हुआ। डेरिल मिचेल और विल यंग की बेहतरीन पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने भारत को सात विकेट से हराकर सीरीज 1-1 की बराबरी पर ला दी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: डेरिल मिचेल की नाबाद शतकीय पारी और विल यंग तथा ग्लेन फिलिप्स की शानदार पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे में भारत को सात विकेट से हराया। भारत ने केएल राहुल के शतक की बदौलत 50 ओवर में 7 विकेट पर 284 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने मिचेल के 117 गेंदों पर 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 131 रन की पारी के सहारे 47.3 ओवर में 3 विकेट पर 286 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गई। यह जीत न्यूजीलैंड के लिए कई मायनों में खास रही। यह उनकी भारत के खिलाफ 2023 के बाद पहली वनडे जीत है, क्योंकि इससे पहले उन्हें लगातार आठ मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं भारत में भी न्यूजीलैंड ने 2017 के बाद पहली बार वनडे मुकाबले में भारत को हराया, जहां उन्हें लगातार आठ मैचों में हार झेलनी पड़ी थी।
डेरिल मिचेल और विल यंग की तूफानी साझेदारी

न्यूजीलैंड ने टारगेट का पीछा करते हुए शुरुआत में दो विकेट जल्दी खो दिए, लेकिन इसके बाद डेरिल मिचेल और विल यंग ने तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की अहम साझेदारी की। विल यंग 98 गेंदों में सात चौकों की मदद से 87 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मिचेल ने 117 गेंदों पर 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 131 रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद मिचेल ने ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर टीम को 286 रन पर जीत दिलाई। फिलिप्स ने 25 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन बनाए।
भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। इस जीत को न्यूजीलैंड की वनडे क्रिकेट में भारत में अब तक की सबसे बड़ी सफल रन चेज के तौर पर दर्ज किया गया। इससे पहले उनका सबसे बड़ा सफल रन चेज 2017 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर 281 रन का था।
भारत का प्रदर्शन: केएल राहुल की शतकीय पारी

भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 284 रन बनाए। केएल राहुल ने 92 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 112 रन की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा शुभमन गिल ने 56 रन बनाए। भारत की बल्लेबाजी लाइनअप में अन्य खिलाड़ी ज्यादा असर नहीं दिखा पाए। रवींद्र जडेजा ने 27, रोहित शर्मा 24, विराट कोहली 23, नीतीश कुमार रेड्डी 20, श्रेयस अय्यर आठ और हर्षित राणा दो रन बनाए। मोहम्मद सिराज दो रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत की गेंदबाजी में उम्मीद के मुताबिक धार नहीं दिखी। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मिचेल और यंग की साझेदारी के आगे भारतीय गेंदबाजों को बहुत संघर्ष करना पड़ा। क्रिस्टन क्लार्क ने तीन विकेट झटके, जबकि काइल जैमिसन, जकारी फोक्स, जेडन लोनोक्स और माइकल ब्रेसवेल को एक-एक सफलता मिली।











