YUVIKA 2026 के तहत 9वीं कक्षा के छात्र इसरो के केंद्रों का दौरा कर अंतरिक्ष विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। चयन मेरिट और सह-पाठ्य गतिविधियों के आधार पर होगा। चयनित छात्रों के लिए यात्रा, आवास और भोजन की व्यवस्था इसरो द्वारा की जाएगी।
YUVIKA 2026 Application Process: Indian Space Research Organisation ने देशभर के 9वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रों के लिए Young Scientists Programme शुरू किया है। यह कार्यक्रम भारत में विभिन्न इसरो केंद्रों पर आयोजित होगा, जहां चयनित छात्र वैज्ञानिकों के साथ संवाद और प्रयोगशालाओं का दौरा कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है और पात्रता 1 जनवरी 2026 तक 9वीं कक्षा में नामांकन पर आधारित है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में कम उम्र से ही अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि और समझ विकसित करना है।
कौन कर सकता है आवेदन?
YUVIKA 2026 के लिए वही छात्र पात्र हैं जो 1 जनवरी 2026 तक 9वीं कक्षा में अध्ययनरत हों। आवेदक किसी मान्यता प्राप्त स्कूल से होना अनिवार्य है।
इस कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। ग्रामीण और पंचायत क्षेत्र के स्कूलों के छात्रों को अतिरिक्त वेटेज भी दिया जाएगा, ताकि विविध पृष्ठभूमि के छात्रों को समान अवसर मिल सके।
चयन कैसे होगा और क्या है वेटेज?
चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी। 8वीं कक्षा के अंकों को 50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा, जबकि ऑनलाइन क्विज के लिए 10 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।
विज्ञान प्रदर्शनी, ओलंपियाड, खेलकूद, NCC या NSS जैसी गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्रों को अतिरिक्त अंक मिलेंगे। पंचायत क्षेत्र के स्कूलों के छात्रों को 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा मिल सके।

छात्रों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
चयनित छात्रों को इसरो केंद्रों का दौरा करने और वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। वे आधुनिक प्रयोगशालाओं में चल रहे प्रोजेक्ट्स को देख सकेंगे और स्पेस मिशन की तैयारी को समझ पाएंगे।
सबसे खास बात यह है कि कार्यक्रम के दौरान रहने, खाने और यात्रा की पूरी व्यवस्था इसरो की ओर से की जाएगी। इससे छात्रों और उनके परिवारों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
आवेदन कैसे करें?
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को YUVIKA 2026 की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। नए उम्मीदवार पहले “Apply for YUVIKA Registration” लिंक पर क्लिक कर पंजीकरण करें, फिर लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए आवेदन फॉर्म भरकर सबमिट करें।
सभी जानकारी सही और पूर्ण भरना जरूरी है, क्योंकि चयन मेरिट और निर्धारित मानकों के आधार पर होगा।










