सांगानेर के मालपुरा गेट में मोबाइल शोरूम से 10 लाख की चोरी हुई। सीसीटीवी में पांच चोर कैद हुए हैं। व्यापारियों में आक्रोश है, पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
Rajasthan: सांगानेर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला मकर संक्रांति की रात का है, जब मालपुरा गेट इलाके में स्थित साईं टेलीकॉम मोबाइल शोरूम को चोरों ने निशाना बनाया। यह शोरूम बिजली विभाग के सामने, रामदेव मार्केट, डिग्गी रोड के पास स्थित है। चोरों ने देर रात करीब 2 बजे इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी में आईफोन सहित विभिन्न कंपनियों के 60 से अधिक मोबाइल फोन और गल्ले में रखे लगभग 50 हजार रुपए नकद ले जाए गए। कुल नुकसान करीब 10 लाख रुपए बताया जा रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
दुकान संचालक मयूर हेमनानी ने बताया कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के अनुसार कुल पांच चोर मौके पर पहुंचे थे। इनमें से दो चोर बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे, जबकि तीन चोरों ने सरिये की मदद से शटर तोड़ा और दुकान के अंदर घुस गए।
चोरों ने मोबाइल और नकदी बैग में भरकर चुराई और मौके से फरार हो गए। आश्चर्य की बात यह रही कि यह चोरी केवल 8 मिनट में अंजाम दी गई, जिससे लगता है कि उन्होंने पहले से योजना बनाई थी।
घटना के बाद व्यापारियों में रोष

चोरी की सूचना मिलते ही मालपुरा गेट थाना पुलिस के साथ व्यापार महासंघ सांगानेर के अध्यक्ष त्रिलोक चौधरी, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा और मीडिया प्रभारी पीयूष बचानी मौके पर पहुंचे। घटना से नाराज व्यापारियों ने विरोध स्वरूप मोबाइल मार्केट को दोपहर 1 बजे तक बंद रखा।
व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल और नकदी बरामद नहीं की गई, तो डिग्गी रोड पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस ने दिया जल्द खुलासे का भरोसा
मालपुरा गेट थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। विशेष टीम को चोरों की तलाश में लगाया गया है। पुलिस ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों की समझाइश के बाद व्यापारियों ने बाजार खोल दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों के कैमरों की भी जांच की जा रही है।











