साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीकी स्पिनर केशव महाराज ने अपने करियर का ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। केशव महाराज ने टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट पूरे कर लिए हैं, और पहले साउथ अफ्रीकी स्पिनर बन गए हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: दक्षिण अफ्रीका के स्टार लेफ्ट-आर्म स्पिनर केशव महाराज ने टेस्ट क्रिकेट में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने अपने करियर का 200वां विकेट लेकर न सिर्फ दक्षिण अफ्रीका बल्कि विश्व क्रिकेट में भी एक नई मिसाल कायम की है। महाराज ने यह कारनामा जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन पूरा किया, जब उन्होंने जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग एर्विन को आउट कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराया।
केशव महाराज टेस्ट में 200 विकेट लेने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर बन गए हैं। यह उपलब्धि इसलिए और खास मानी जा रही है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका, परंपरागत रूप से तेज गेंदबाजों की धरती मानी जाती है, जहां स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मौके नहीं मिलते। ऐसे में महाराज का यह मुकाम हर क्रिकेट प्रेमी के लिए गर्व का विषय है।
दुनिया के आठवें लेफ्ट-आर्म स्पिनर बने
इतना ही नहीं, केशव महाराज दुनिया के ऐसे सिर्फ आठवें लेफ्ट-आर्म स्पिनर बन गए हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट का आंकड़ा पार किया है। उनसे पहले यह मुकाम रंगना हेराथ, डेनियल विटोरी, रवींद्र जडेजा, डेरिक अंडरवुड, बिशन सिंह बेदी, शाकिब अल हसन और तैजुल इस्लाम जैसे दिग्गज गेंदबाज ही हासिल कर पाए थे।
34वें ओवर की पांचवीं गेंद पर महाराज ने क्रेग एर्विन को पवेलियन भेजते ही इतिहास रच दिया। इस विकेट के साथ उन्होंने 59 टेस्ट मैचों की 99 पारियों में 200 विकेट पूरे किए, जिसमें उनकी औसत और स्ट्राइक रेट ने भी लगातार शानदार लय बनाए रखी।
- रंगना हेराथ (श्रीलंका)- 433
- डेनियल विटोरी (न्यूजीलैंड)- 362
- रवींद्र जडेजा (भारत)- 324
- डेरेक अंडरवुड (इंग्लैंड)- 297
- बिशन सिंह बेदी (भारत)- 266
- शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) - 246
- तैजुल इस्लाम (बांग्लादेश)- 237
- केशव महाराज (साउथ अफ्रीका)- 200
साउथ अफ्रीका के लिए खास मायने
साउथ अफ्रीका में स्पिन गेंदबाजों को अनुकूल पिचें कम ही मिलती हैं, बावजूद इसके महाराज ने अपनी मेहनत और काबिलियत से यह मील का पत्थर हासिल किया। उनके प्रदर्शन ने कई मौकों पर टीम को संकट से निकाला है और बड़े मुकाबलों में जीत दिलाने में भी निर्णायक भूमिका निभाई है। यही वजह है कि क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें ‘जीवित किंवदंती’ करार देते हुए ऐतिहासिक सलामी दी।
जैसे ही महाराज का 200वां विकेट पूरा हुआ, सोशल मीडिया पर बधाइयों का सैलाब आ गया। पूर्व खिलाड़ियों, क्रिकेट पंडितों और फैन्स ने महाराज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को जमकर सराहा। प्रोटियाज क्रिकेट टीम के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से भी एक पोस्ट जारी हुआ, जिसमें लिखा था - इतिहास बना दिया! केशव महाराज ने 200 टेस्ट विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका के पहले स्पिनर होने का गौरव हासिल किया। यह मुकाम हमेशा याद रखा जाएगा।