बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री कृति सेनन अपनी आगामी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को लेकर चर्चा में हैं। कृति ने फिल्म इंडस्ट्री में 11 साल पूरे कर लिए हैं और इस दौरान उन्होंने कई हिट फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी है।
Kriti Sanon On Cocktail 2: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने अपने करियर के 11 साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में काम किया और कई हिट फिल्में दीं। उनकी आखिरी रिलीज ‘तेरे इश्क में’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और इसमें उनके अभिनय की भी खूब तारीफ हुई थी। अब कृति नए साल में अपनी आगामी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
यह फिल्म उनके करियर की 20वीं फिल्म भी है। इस मौके पर कृति ने ‘कॉकटेल 2’ को लेकर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि क्या फिल्मों की सफलता उनके लिए कभी दबाव का कारण बनती है या नहीं।
मैं किसी भी तरह का दबाव नहीं लेती: कृति सेनन
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान कृति सेनन ने बताया कि उन्हें बॉक्स ऑफिस नंबर्स से कोई दबाव नहीं है। उन्होंने कहा,
'हर फिल्म अलग होती है, आप यह उम्मीद नहीं कर सकते कि हर फिल्म एक ही तरह के दर्शकों को आकर्षित करेगी। मैं किसी भी तरह का दबाव अपने ऊपर नहीं लेती। बस कड़ी मेहनत और पूरी ईमानदारी से काम करना मेरी प्राथमिकता है।'
कृति ने आगे बताया कि ‘कॉकटेल 2’ के दर्शक ‘तेरे इश्क में’ से बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने कहा कि "आप हर फिल्म में अपना सर्वश्रेष्ठ दें, बाकी सब हमारे हाथ में नहीं है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की सफलता कई कारणों से प्रभावित होती है। इसलिए मैं ना तो खुद पर और ना ही निर्माता पर दबाव डालती हूं। मैं इस प्रक्रिया का आनंद लेती हूं और फिल्म को लेकर उत्साहित हूं।

‘कॉकटेल 2’ है अलग माहौल वाला सीक्वल
कृति ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि ‘कॉकटेल 2’ सिर्फ पहला फिल्म का सीक्वल नहीं है। उन्होंने बताया, यह बिल्कुल सही समय पर बनी। मैं उस युवा, शहरी और रोमांटिक कॉमेडी की दुनिया में कदम रखना चाहती थी। यह फिल्म पूरी तरह अलग है – कहानी अलग है, किरदार अलग हैं और उनकी पृष्ठभूमि भी अलग है।
फिल्म में दर्शकों को नए किरदार और नए माहौल के साथ रोमांचक कहानी देखने को मिलेगी। कृति की पिछली रिलीज ‘तेरे इश्क में’ में उनके अभिनय को काफी सराहा गया था। आनंद एल राय द्वारा निर्देशित इस फिल्म में उनके साथ धनुष प्रमुख भूमिका में थे। कृति ने फिल्म में मुक्ति का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों और आलोचकों ने खूब पसंद किया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया और कृति की लोकप्रियता को और बढ़ाया।
होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित ‘कॉकटेल 2’ में कृति सेनन के साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 2012 में आई ‘कॉकटेल’ की सीक्वल है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिका में थे, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। अब दूसरी फिल्म में नए कलाकारों और नए किरदारों के साथ कहानी को और रोमांचक बनाने की कोशिश की गई है।












