कुठला थाना इलाके में रास्ता देने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो भाइयों ने युवक पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Madhya Pradesh: शनिवार देर रात कटनी शहर में एक मामूली विवाद ने गंभीर अपराध का रूप ले लिया। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी सब्जी मंडी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक सवार युवकों के बीच साइड देने और कट मारने को लेकर कहासुनी हो गई। थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्र के अनुसार, यह विवाद आशीष पटेल और कुठला बस्ती निवासी ओम रजक व उसके भाई अंकित रजक के बीच हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंडिया होटल के पास सड़क पर वाहनों की आवाजाही के दौरान साइड को लेकर तीनों के बीच बहस हुई। हालांकि, उस समय आसपास के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया और आशीष पटेल वहां से पुरैनी की ओर चला गया। सभी को लगा कि विवाद खत्म हो चुका है, लेकिन कुछ ही घंटों बाद हालात फिर बिगड़ गए।
पुरानी सब्जी मंडी के पास चाकू से हमला

रात करीब 10 बजे जब आशीष पटेल पुरैनी से वापस लौट रहा था, तब पुरानी सब्जी मंडी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसकी फिर से ओम और अंकित रजक से मुलाकात हो गई। यहां एक बार फिर साइड और पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों भाइयों ने आशीष पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू के वार से आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी ने दिखाई तत्परता
घटना के समय संयोग से कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्र उसी मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने घायल आशीष को तुरंत अपनी गाड़ी में बैठाकर शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बच सकी, हालांकि उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दोनों सगे भाइयों ओम रजक और अंकित रजक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।












