सवाई माधोपुर के कुस्तला सर्किल पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई, एक घायल है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
Rajasthan: रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 11 बजे कोटा-लालसोट मेगा स्टेट हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। कुस्तला सर्किल के पास एक ट्रक सवाई माधोपुर की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक 8 लेन एक्सप्रेस-वे से उतरकर हाईवे पर आया।
एक ट्रक में सब्जियां भरी हुई थीं, जबकि दूसरे ट्रक में प्लाई बोर्ड लदा था। जैसे ही दोनों वाहन सर्किल के पास पहुंचे, आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास का इलाका दहल उठा और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा इतना भीषण कि ट्रक हुए चकनाचूर

टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रकों के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही समय में रवांजना डूंगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मेहनत के बाद ट्रकों में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुँचाया गया।
तीन लोगो की मौत
अस्पताल पहुंचने पर इलाज के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं, एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। थानाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मौके से मिले आधार कार्ड के आधार पर दो मृतकों की पहचान सुनील कुमार पांडेय और भवानी के रूप में हुई है। तीसरे मृतक और घायल की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक हादसे के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में ट्रक हटवाकर सुचारु कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











