मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के लिए शुक्रवार खुशखबरी लेकर आ रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव आज, शुक्रवार 16 जनवरी को आयोजित राज्य स्तरीय लाडली बहना सम्मेलन में लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे।
भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत राज्य की करोड़ों महिलाओं के लिए एक बार फिर राहत की खबर है। शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाडली बहनों के बैंक खातों में योजना की 32वीं किश्त ट्रांसफर करेंगे। इस अवसर पर गैस सिलेंडर रिफिलिंग सहायता राशि भी पात्र लाभार्थियों के खातों में सीधे भेजी जाएगी।
यह कार्यक्रम नर्मदापुरम जिले के माखन नगर (बाबई) में आयोजित राज्य स्तरीय लाडली बहना सम्मेलन के दौरान होगा, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं लाभार्थी महिलाओं से संवाद भी करेंगे।
1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकारी जानकारी के अनुसार, इस बार प्रदेशभर की 1.25 करोड़ से अधिक पात्र लाडली बहनों के खातों में कुल 1,836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचेगी, जिससे पारदर्शिता और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
इसके साथ ही गैस सिलेंडर रिफिलिंग सहायता योजना के तहत करीब 29 लाख लाभार्थियों को 90 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। इसका उद्देश्य घरेलू खर्च का बोझ कम करना और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री का संदेश: महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार का संकल्प है। कल मैं ‘लाडली बहना’ योजना की 32वीं किस्त लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर करूंगा और उनसे सीधा संवाद करूंगा। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी। बाद में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में नई सरकार ने इस योजना को और मजबूत करते हुए न केवल इसे जारी रखा, बल्कि मासिक सहायता राशि में भी वृद्धि की। नवंबर 2025 से योजना के तहत मिलने वाली राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जिसके बाद अब पात्र महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।

अब तक कितनी किश्तें और कितना खर्च
जून 2023 से दिसंबर 2025 तक योजना की 31 किश्तें लाभार्थियों के खातों में नियमित रूप से ट्रांसफर की जा चुकी हैं।
- जनवरी 2026 में 32वीं किश्त जारी की जा रही है।
- जून 2023 से दिसंबर 2025 तक कुल 48,632.70 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।
- केवल जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच ही 38,635.89 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना ने प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार का मानना है कि नियमित वित्तीय सहायता से महिलाएं अपने दैनिक खर्च, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं।











