महाराष्ट्र की राजनीति में एक दिलचस्प तथ्य सामने आया है। Sharad Pawar और उनके पोते Parth Pawar की संपत्ति की तुलना में यह खुलासा हुआ है कि पार्थ पवार अपने दादा से ज्यादा संपत्ति के मालिक हैं।
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में हाल ही में एक दिलचस्प खुलासा हुआ है। राज्यसभा नामांकन के दौरान दाखिल किए गए एफिडेविट से पता चला है कि पार्थ पवार की कुल संपत्ति उनके दादा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार से कहीं ज्यादा है। इस वित्तीय विवरण के अनुसार, शरद पवार और उनकी पत्नी प्रतिभा पवार की कुल संपत्ति लगभग 60 करोड़ 71 लाख रुपये है, जबकि पार्थ पवार के पास कुल 88 करोड़ 33 लाख रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है।
शरद पवार की संपत्ति का विवरण
एफिडेविट के अनुसार शरद पवार की चल संपत्ति करीब 44 करोड़ 72 लाख रुपये है। इसके अलावा उनके पास नकद राशि लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये है। बैंक और वित्तीय संस्थानों में उनके फिक्स्ड डिपॉजिट 11 करोड़ 66 लाख रुपये के हैं। शेयर और म्यूचुअल फंड में उनके निवेश का आंकड़ा करीब 27 करोड़ रुपये बताया गया है। सोने और चांदी के गहनों की कीमत लगभग 3 करोड़ 85 लाख रुपये है।
अचल संपत्ति के मामले में शरद पवार के पास बारामती में खेती की जमीन, घर और फ्लैट समेत अन्य संपत्तियां हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ 99 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि एफिडेविट में कुछ देनदारियां भी दर्ज हैं। सुप्रिया एंटरप्राइजेज के तहत 49 लाख 84 हजार रुपये का कर्ज शरद पवार पर दर्ज है। इन सभी आंकड़ों को मिलाकर उनकी कुल संपत्ति 60 करोड़ 71 लाख रुपये है।

पार्थ पवार ने पार किया दादा का रिकॉर्ड
पार्थ पवार की संपत्ति दादा से कहीं अधिक है। उनके एफिडेविट के अनुसार उनकी चल संपत्ति करीब 11 करोड़ 35 लाख रुपये है। बैंक, पोस्टल विभाग, बीमा और अन्य वित्तीय संस्थानों में उनके फिक्स्ड डिपॉजिट लगभग 3 करोड़ 68 लाख रुपये हैं। शेयर और म्यूचुअल फंड में उनका निवेश 1 करोड़ 17 लाख रुपये के आसपास है। सोने और चांदी की ज्वेलरी की कीमत लगभग 1 करोड़ 31 लाख रुपये बताई गई है।
सबसे बड़ी संपत्ति उनकी अचल संपत्ति है। बारामती तालुका में खेती की जमीन और पुणे में घर सहित उनकी अचल संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 76 करोड़ 98 लाख रुपये है। हालांकि, उनके ऊपर बैंक और वित्तीय संस्थानों से करीब 92 लाख 48 हजार रुपये का लोन भी दर्ज है। इन सभी आंकड़ों को मिलाकर उनकी कुल संपत्ति 88 करोड़ 33 लाख रुपये बताई गई है, जो शरद पवार की संपत्ति से लगभग 27 करोड़ रुपये अधिक है।











