कोटा के गुमानपुरा क्षेत्र में पैसों के विवाद को लेकर तीन युवकों ने कपिल महावर पर चाकू से हमला किया। युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Rajasthan: कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। छावनी इलाके में स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास तीन युवकों ने 19 वर्षीय कपिल महावर पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल कपिल महावर संजय गांधी नगर का रहने वाला है और वह एक कार डेकोर की दुकान पर काम करता है। कपिल ने पुलिस को बताया कि उसी दुकान पर काम करने वाले रईस नामक युवक से उसका पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद रईस उससे रंजिश रखने लगा।
फिर बनाया हमला करने का प्लान

कपिल के अनुसार, आरोपी रईस ने दो दिन पहले उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी के बाद कपिल डरा हुआ था, लेकिन उसने इसकी शिकायत पहले नहीं की। इसी दौरान आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कपिल पर हमला करने की योजना बनाई।
घायल युवक ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी दुकान पर नहीं आया था। जब कपिल एलआईसी बिल्डिंग के पास टॉयलेट करने गया, तभी आरोपियों ने उसे अकेला देखकर घेर लिया। बिना कुछ कहे तीनों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। कपिल के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही गुमानपुरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल कपिल के बयान पर केस दर्ज किया है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ लग रहा है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को रवाना कर दिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।










