एफसी बार्सिलोना के स्टार स्ट्राइकर रॉबर्ट लेवानदॉस्की का भविष्य अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। जनवरी ट्रांसफर विंडो के करीब आते ही उनके कॉन्ट्रैक्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: एफसी बार्सिलोना के दिग्गज स्ट्राइकर रॉबर्ट लेवानदॉस्की का भविष्य इन दिनों वैश्विक फुटबॉल जगत में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। जनवरी ट्रांसफर विंडो के करीब आते ही यह सवाल जोर पकड़ने लगा है कि क्या पोलैंड के इस अनुभवी गोलस्कोरर का सफर अब कैंप नू में अपने अंतिम चरण में है। खुद लेवानदॉस्की के हालिया बयान ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने की ओर, भविष्य अनिश्चित
लेवानदॉस्की का मौजूदा करार इस सीजन के अंत में समाप्त हो रहा है। 37 साल की उम्र में वह अपने करियर के उस मोड़ पर हैं, जहां हर फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। क्लब की बदली हुई रणनीतियां, टीम में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और यूरोप के बाहर से मिल रहे आकर्षक प्रस्ताव उनके भविष्य को लेकर स्थिति को और जटिल बना रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सऊदी प्रो लीग और मेजर लीग सॉकर (MLS) के कई क्लब लेवानदॉस्की को साइन करने के लिए गंभीर हैं। सऊदी अरब लंबे समय से यूरोपीय सितारों को भारी सैलरी ऑफर देकर अपनी लीग को मजबूत कर रहा है, वहीं MLS भी अनुभवी खिलाड़ियों के जरिए अपनी वैश्विक पहचान बढ़ाने में जुटा है।
बताया जा रहा है कि लेवानदॉस्की के प्रतिनिधि सऊदी अधिकारियों के साथ बातचीत की तैयारी कर रहे हैं, जबकि MLS क्लब शिकागो फायर ने भी शुरुआती स्तर पर दिलचस्पी दिखाई है।

लेवानदॉस्की का बयान: कोई दबाव नहीं
पोलिश पत्रकार बोगदान रयमानोव्स्की को दिए इंटरव्यू में लेवानदॉस्की ने अपने भविष्य को लेकर स्थिति साफ करते हुए कहा, मेरे पास फैसला लेने के लिए समय है। इस वक्त मुझे खुद नहीं पता कि मैं आगे कहां खेलूंगा। मुझे नहीं पता कि किस दिशा में जाना है, लेकिन मुझ पर कोई दबाव नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका पूरा फोकस मौजूदा सीजन पर है। लेवानदॉस्की ने कहा कि वह इस साल लीग खिताब, चैंपियंस लीग और अपनी राष्ट्रीय टीम के साथ वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन हासिल करना चाहते हैं।
हालांकि लेवानदॉस्की का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने बार्सिलोना के लिए अब तक 165 मैचों में 109 गोल किए हैं। मौजूदा सीजन में भी उन्होंने 18 मैचों में आठ गोल दागे हैं। बावजूद इसके, क्लब के भीतर परिस्थितियां बदलती दिख रही हैं। कोच हांसी फ्लिक के मार्गदर्शन में फेरान टोरेस का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। टोरेस अब तक सभी प्रतियोगिताओं में 13 गोल कर चुके हैं, जिससे बार्सिलोना के अटैकिंग प्लान में संतुलन बदलता नजर आ रहा है।










