शुभांगी अत्रे ने टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ को कहा अलविदा, आखिरी शूट का इमोशनल वीडियो किया शेयर

शुभांगी अत्रे ने टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ को कहा अलविदा, आखिरी शूट का इमोशनल वीडियो किया शेयर

टीवी की दुनिया के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शोज़ में से एक ‘भाबीजी घर पर हैं’ से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। करीब एक दशक तक शो में ‘अंगूरी भाभी’ का मशहूर किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शुभांगी अत्रे ने शो को अलविदा कह दिया है।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: ‘भाबीजी घर पर हैं’ में ‘अंगूरी भाभी’ का लोकप्रिय किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शुभांगी अत्रे ने अब इस हिट कॉमेडी शो को अलविदा कह दिया है। साल 2016 में शिल्पा शिंदे के शो छोड़ने के बाद से शुभांगी अत्रे इस किरदार में दर्शकों के दिलों पर राज करती आ रही थीं। हाल ही में शुभांगी ने शो के सेट से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी आखिरी शूटिंग की झलक दिखाई और कलाकारों व क्रू मेंबर्स के साथ समय बिताते हुए आभार जताया। शुभांगी के शो छोड़ने के बाद अब एक बार फिर शिल्पा शिंदे ‘अंगूरी भाभी’ के किरदार में वापसी करने के लिए तैयार हैं।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया आखिरी शूट का वीडियो

शुभांगी अत्रे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह ‘भाबीजी घर पर हैं’ के सेट पर अपने आखिरी दिन की झलक दिखाती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह शो की पूरी टीम, कलाकारों और क्रू मेंबर्स के साथ भावुक होकर समय बिताती दिखाई देती हैं।वीडियो में शुभांगी सभी को जलेबियां खिलाते हुए धन्यवाद कहती दिखाई देती हैं, जिससे साफ झलकता है कि उनके लिए यह सफर कितना खास रहा। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा,

'जलेबी वाला… मेरे एक्सटेंडेड परिवार को अलविदा। शूटिंग का आखिरी दिन, ग्रेटीट्यूड।'

यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने कमेंट्स में उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं।

शो छोड़ने पर शुभांगी अत्रे का बयान

कुछ दिन पहले ही शुभांगी अत्रे ने आधिकारिक तौर पर शो छोड़ने की पुष्टि की थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्होंने हमेशा शो की निर्माता से वादा किया था कि उनका सफर सम्मान और गरिमा के साथ शुरू होकर उसी तरह खत्म होगा। उन्होंने कहा,

'मैं इससे बेहतर विदाई की कल्पना भी नहीं कर सकती थी। इस बदलाव के पीछे के कारणों में उलझने का कोई मतलब नहीं है। अब मैं अपनी जिंदगी के नए अध्याय के लिए पूरी तरह तैयार हूं और अपना पूरा फोकस अपनी बेटी और अपने काम पर लगाना चाहती हूं।'

शुभांगी ने यह भी साफ किया कि शो छोड़ने का फैसला उनका निजी और पूरी तरह सोच-समझकर लिया गया कदम है।

शिल्पा शिंदे की वापसी पर दिया रिएक्शन

शुभांगी अत्रे के शो छोड़ने के बाद एक बार फिर शिल्पा शिंदे ‘अंगूरी भाभी’ के रूप में वापसी करने जा रही हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभांगी ने शिल्पा के लिए बेहद सकारात्मक बातें कही। उन्होंने कहा,

'मैं शिल्पा और पूरी टीम को दिल से शुभकामनाएं देती हूं। वह एक शानदार अभिनेत्री हैं और मैं उनसे बेहद प्यार करती हूं। मुझे उम्मीद है कि शो का 2.0 वर्जन भी दर्शकों को उतना ही पसंद आएगा।'

उन्होंने तुलना करते हुए यह भी कहा कि जब उन्होंने पहली बार यह किरदार संभाला था, तब उन्हें ऐसा लगा जैसे किसी ने उन्हें एक नवजात बच्चे की जिम्मेदारी सौंपी हो। शुभांगी अत्रे की विदाई की खबर से फैंस भावुक हो गए हैं। सोशल मीडिया पर लगातार लोग उनके शानदार अभिनय, कॉमिक टाइमिंग और मासूम अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। ‘सही पकड़े हैं’ जैसे डायलॉग ने उन्हें घर-घर में मशहूर बना दिया था।

 

Leave a comment