टी20 वर्ल्ड कप के मैचों के आयोजन में अब सिर्फ तीन सप्ताह का समय बाकी है, लेकिन बांग्लादेश का भारत में आकर अपने मैच खेलने से इंकार अब तक जारी है। ICC ने उन्हें वेने्यू श्रीलंका शिफ्ट करने का ऑफर दिया था, लेकिन बांग्लादेश ने इसे राष्ट्रीय अस्मिता का मामला बताते हुए ठुकरा दिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब महज तीन हफ्ते से भी कम समय बचा है, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट टीम के मैचों को लेकर बना विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच वेन्यू को लेकर तनातनी जारी है। जहां ICC भारत में ही दो वैकल्पिक वेन्यू का ऑफर दे रही है, वहीं बांग्लादेश ने अब तक इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है।
इस पूरे विवाद में पाकिस्तान की एंट्री ने हालात को और जटिल बना दिया है, जिससे टूर्नामेंट पर सस्पेंस बढ़ गया है। आइए, पूरे मामले को 5 अहम पॉइंट्स में समझते हैं—
1. बांग्लादेश ने ICC को फिर लिखा पत्र, मांग पर कायम
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर ICC को औपचारिक पत्र लिखकर अपनी पुरानी मांग दोहराई है। BCB चाहता है कि उसके सभी टी20 वर्ल्ड कप मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराए जाएं। बोर्ड का कहना है कि भारत-बांग्लादेश के बीच मौजूदा राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव के कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। इसी आधार पर बांग्लादेश फिलहाल भारत आकर मैच खेलने को तैयार नहीं है और इस मुद्दे को वह “राष्ट्रीय अस्मिता” से जोड़कर देख रहा है।
2. ICC ने श्रीलंका से इनकार कर भारत में दो नए वेन्यू दिए
ICC ने बांग्लादेश की श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, ICC का मानना है कि टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले मैचों को किसी अन्य देश में शिफ्ट करना लॉजिस्टिक और ब्रॉडकास्टिंग के लिहाज से बेहद मुश्किल है। हालांकि, ICC ने विवाद सुलझाने के लिए एक बीच का रास्ता निकाला है।
बोर्ड ने कोलकाता और मुंबई के बजाय भारत में ही चेन्नई और तिरुवनंतपुरम को वैकल्पिक वेन्यू के तौर पर ऑफर किया है। तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) और केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने इन मैचों की मेजबानी के लिए सैद्धांतिक सहमति भी दे दी है।

3. BCB पहले सरकार से लेगा मंजूरी
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC के नए ऑफर पर फिलहाल कोई अंतिम सहमति नहीं दी है। BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने साफ कहा है कि यह फैसला सिर्फ क्रिकेट बोर्ड नहीं ले सकता। उन्होंने कहा, “टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े फैसले राष्ट्रीय स्तर के होते हैं। हमें पहले सरकार से हरी झंडी लेनी होगी, उसके बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सूत्रों की मानें तो बांग्लादेश सरकार भी भारत सरकार से सीधे सुरक्षा गारंटी को लेकर बातचीत कर सकती है, हालांकि अब तक दोनों देशों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
4. चेन्नई में पहले से तय हैं 7 मुकाबले
चेन्नई का एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपक) पहले से ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 7 मुकाबलों की मेजबानी करने वाला है। इनमें सुपर-8 राउंड का संभावित भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मुकाबला भी शामिल है। TNCA अधिकारियों का कहना है कि चेपक में 8 पिच उपलब्ध हैं, इसलिए अतिरिक्त मैच आयोजित करने में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं होगी। हालांकि, सवाल यह है कि अगर बांग्लादेश के मैच चेन्नई में शिफ्ट होते हैं, तो क्या कोलकाता या मुंबई से कुछ मुकाबले हटाए जाएंगे—इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
5. पाकिस्तान ने दिया अलग ऑफर, विवाद और बढ़ा
इस पूरे विवाद में पाकिस्तान ने भी अपनी दिलचस्पी दिखा दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC को प्रस्ताव दिया है कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका के बजाय पाकिस्तान में कराए जाएं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नकवी ने इस मुद्दे पर ICC चेयरमैन जय शाह से बातचीत भी की है।
हालांकि, ICC की ओर से इस प्रस्ताव पर कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान का यह कदम टूर्नामेंट की मेजबानी में जबरन दखल देने जैसा है।











