टी20 विश्व कप 2026: भारत दौरे को लेकर ICC के पास पहुंचा BCB, सुरक्षा चिंता का दिया हवाला

टी20 विश्व कप 2026: भारत दौरे को लेकर ICC के पास पहुंचा BCB, सुरक्षा चिंता का दिया हवाला

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने मैचों को भारत में आयोजित नहीं कराने की पुरानी कोशिशों को दोहराते हुए आईसीसी (ICC) को दूसरा औपचारिक पत्र भेजा है। बोर्ड का दावा है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारत भेजने से बचना चाहता है। इसके लिए बोर्ड ने पहले आईसीसी को ईमेल भेजा था और खिलाड़ियों की सुरक्षा को हवाला दिया था। हालांकि, आईसीसी ने इस रिक्वेस्ट को रिजेक्ट कर दिया था और स्पष्ट कर दिया था कि उसे सुरक्षा में कोई दिक्कत नहीं दिख रही। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को दूसरा औपचारिक पत्र भेजा है।

पहली बार की रिक्वेस्ट और ICC का जवाब

बीते साल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को ईमेल भेजकर कहा था कि वह अपने खिलाड़ियों को सुरक्षा जोखिम के कारण भारत में नहीं भेजना चाहता। उस समय आईसीसी ने रिक्वेस्ट रिजेक्ट कर दी थी, और जवाब में स्पष्ट किया गया कि भारतीय मेज़बान देश में सुरक्षा का स्तर पर्याप्त है और कोई गंभीर खतरा नहीं दिख रहा।

हालांकि, बांग्लादेश बोर्ड ने अब इस मुद्दे को फिर से उठाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बोर्ड और खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरल के बीच हुई बैठकों के बाद यह नया पत्र भेजा गया है। आसिफ नजरल ने बोर्ड को सुझाव दिया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा के मसले पर कड़ा रुख अपनाया जाए।

सुरक्षा चिंताओं का हवाला

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC को भेजे गए पत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताओं का विस्तार से वर्णन किया है। एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ICC ने सुरक्षा के मुद्दे पर जानकारी मांग थी और BCB ने इसका विस्तार से जवाब दिया है। बांग्लादेश टीम के चारों ग्रुप राउंड के मैच भारत में आयोजित होने हैं। इनमें तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है। टीम के इस रुख से टूर्नामेंट में बांग्लादेश की भागीदारी के बारे में अनिश्चितता बढ़ गई है।

इस मामले की शुरुआत बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाने के बाद हुई थी। मुस्तफिजुर की सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवाल और इसके बाद बोर्ड की चिंता ने टी20 विश्व कप में भारत दौरे को लेकर विवाद को जन्म दिया।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में दो धड़े

BCB के भीतर इस मुद्दे को लेकर मतभेद भी स्पष्ट हैं।

  • एक गुट पूरी तरह भारत दौरे के खिलाफ है और किसी समझौते को स्वीकार नहीं करना चाहता।
  • दूसरा गुट चाहता है कि ICC और भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत जारी रखी जाए और सुरक्षा सुनिश्चित होने पर मामला हल हो सकता है।

इस मतभेद ने बोर्ड के भीतर तनाव को बढ़ा दिया है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय की नजरें इस पर टिक गई हैं। टी20 विश्व कप 2026 के मैच भारत और श्रीलंका में आयोजित होने हैं। बांग्लादेश टीम का भारत दौरे से जुड़े अनिश्चित रवैये से आयोजकों को चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। ICC की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Leave a comment