इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज को 2-2 से ड्रॉ करने के बाद भारतीय टेस्ट टीम अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के अगले पड़ाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
WTC 2025-27: इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के अगले पड़ाव की ओर अग्रसर है। इस सीरीज से भारत ने 60 में से 28 अंक अर्जित किए और फिलहाल WTC प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बना हुआ है।अब फैंस के मन में यह सवाल उठ रहा है कि भारत का अगला टेस्ट मैच कब होगा, किस टीम से होगा और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में भारत किन-किन देशों से भिड़ेगा? आइए जानते हैं WTC 2025-27 में भारत के पूरे टेस्ट शेड्यूल की पूरी जानकारी।
भारत का अगला टेस्ट मैच: वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर 2025 में
टीम इंडिया का अगला टेस्ट मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। दो मैचों की यह घरेलू सीरीज 2 अक्टूबर 2025 से शुरू होगी। पहला टेस्ट अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। वेस्टइंडीज टीम की कमान रोस्टन चेज के हाथों में होगी और यह टीम भारत में चुनौती पेश करने की कोशिश करेगी।
दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत: नवंबर 2025
WTC 2025-27 की तीसरी सीरीज में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। यह भी एक घरेलू टेस्ट सीरीज होगी, जिसमें दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
- पहला टेस्ट: 14 नवंबर 2025 – ईडन गार्डन्स, कोलकाता
- दूसरा टेस्ट: 22-26 नवंबर 2025 – बारसापारा स्टेडियम, गुवाहाटी
यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम होगी, खासकर दक्षिण अफ्रीका जो विदेशी धरती पर संघर्ष करती आई है।
2026 में दो विदेशी दौरों पर जाएगा भारत
- श्रीलंका दौरा – जुलाई 2026: भारत जुलाई 2026 में श्रीलंका के दौरे पर जाएगा, जहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पिछली बार 2022 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को 2-0 से हराया था। इस बार भी भारत जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
- न्यूजीलैंड दौरा – नवंबर 2026: भारत का अगला विदेशी दौरा नवंबर 2026 में न्यूजीलैंड होगा। वहां दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पिछली बार भारत को न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज में करारी हार झेलनी पड़ी थी। अब देखना होगा कि टीम इस बार कीवियों से कैसे बदला लेती है।
WTC 2027: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र के अंतिम चरण में भारत 2027 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया की मेज़बानी करेगा। यह पांच टेस्ट मैचों की सीरीज होगी, जिसे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के रूप में जाना जाता है। यह सीरीज फरवरी-मार्च 2027 के बीच आयोजित होगी। पिछली बार भारत को ऑस्ट्रेलिया में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन घरेलू धरती पर भारत ने 2023 में 2-1 से जीत दर्ज की थी।
- भारत बनाम इंग्लैंड – पूरी हो चुकी (2-2 ड्रॉ)
- भारत बनाम वेस्टइंडीज – अक्टूबर 2025 (भारत में)
- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका – नवंबर 2025 (भारत में)
- भारत बनाम श्रीलंका – जुलाई 2026 (श्रीलंका में)
- भारत बनाम न्यूजीलैंड – नवंबर 2026 (न्यूजीलैंड में)
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया – फरवरी-मार्च 2027 (भारत में)
भारत ने WTC 2023-25 के चक्र में इंग्लैंड के खिलाफ मिली 2-2 की बराबरी के साथ एक मजबूत शुरुआत की है। अब घरेलू सीरीजों में भारत को अधिकतम अंक हासिल करने का मौका मिलेगा। विदेशों में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के दौरे निर्णायक साबित होंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में प्रदर्शन भारत की फाइनल तक पहुंच की दिशा तय कर सकता है।