बिलासपुर के नूतन चौक पर तेज रफ्तार कार हाईवा से टकरा गई। हादसे में युवक-युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर घायल हैं। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
Chhattisgarh: यह दर्दनाक सड़क हादसा सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक के पास मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले हिमांशु राठौर (22), अंशु चंद्रा (21), आनंद चंद्रा और नीरज दुबे शराब पार्टी के बाद कार से घूमने के लिए निकले थे। कार कोरबा पासिंग थी और काफी तेज रफ्तार में चल रही थी।
बताया जा रहा है कि चारों युवक-युवती शराब के नशे में थे। नूतन चौक के पास पहुंचते ही कार चला रहे युवक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने से कार बेकाबू हो गई और घूमते हुए सामने से आ रहे मुरुम लोड हाईवा के सामने जा पहुंची।
तेज टक्कर में कार के उड़े परखच्चे
कार और हाईवा की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान ड्राइवर सीट के बगल में बैठी युवती अंशु चंद्रा डैशबोर्ड से टकरा गई और उसी में फंस गई। कार चला रहे हिमांशु राठौर को भी गंभीर चोटें आईं।

हादसा इतना भयानक था कि हिमांशु राठौर और अंशु चंद्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे की सीट पर बैठे आनंद चंद्रा और नीरज दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस पूरे हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार फिल्मी अंदाज में यू-टर्न लेते हुए हाईवा से टकराती नजर आ रही है।
कार में फंसी युवती को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
सरकंडा थाना टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि हादसे के बाद कार में सभी युवक-युवती बुरी तरह फंसे हुए थे। युवती अंशु चंद्रा को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से दो शव और दोनों घायलों को बड़ी मुश्किल से कार से बाहर निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नूतन चौक पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के बाद भीड़ को हटाया और यातायात को सामान्य कराया।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे
बिलासपुर सिटी एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने हादसे में शामिल हाईवा और कार को जब्त कर लिया है।
हाईवा चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












