यूपी बोर्ड परीक्षा में नई व्यवस्था, उत्तरपुस्तिका पर लिखना होगा माध्यम

यूपी बोर्ड परीक्षा में नई व्यवस्था, उत्तरपुस्तिका पर लिखना होगा माध्यम

प्रयागराज  - उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका के कवर पेज पर परीक्षा का माध्यम (हिंदी या अंग्रेजी) स्वयं लिखना अनिवार्य होगा।

बोर्ड के अनुसार, उत्तरपुस्तिका के पहले पृष्ठ पर इसके लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हिंदी माध्यम की कॉपियां हिंदी के परीक्षकों और अंग्रेजी माध्यम की कॉपियां अंग्रेजी के परीक्षकों के पास ही जाएं।

परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र व्यवस्थापक और स्टाफ द्वारा माध्यम के अनुसार उत्तरपुस्तिकाओं के अलग-अलग बंडल तैयार किए जाएंगे। इससे मूल्यांकन में होने वाली त्रुटियों पर रोक लगेगी।

यूपी बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से मूल्यांकन अधिक सटीक और निष्पक्ष होगा। पहले कई बार उत्तरपुस्तिकाएं गलत माध्यम के परीक्षक तक पहुंच जाती थीं, जिससे अंक विवाद और पुनर्मूल्यांकन की स्थिति बनती थी।

Leave a comment