विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में आज, 3 जनवरी को जयपुर में पंजाब और सिक्किम के बीच ग्रुप स्टेज मुकाबला खेला जाएगा। पंजाब की टीम में भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी हिस्सा लेंगे।
स्पोर्ट्स न्यूज़: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का पांचवां राउंड आज, 3 जनवरी को शुरू हो रहा है। इस राउंड में पंजाब और सिक्किम के बीच जयपुर के लोकल कॉलेज ग्राउंड पर ग्रुप स्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में भारत के वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल भी पंजाब की ओर से खेलते नजर आएंगे।
हालांकि, इस मैच में दर्शकों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बीसीसीआई ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए स्टेडियम में निजी बाउंसरों को तैनात करने का निर्णय लिया है।
मैच क्यों होगा ‘क्लोज़्ड डोअर’
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि स्टूडेंट्स और कॉलेज स्टाफ को ही परिसर में एंट्री की अनुमति होगी। “किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निजी बाउंसर तैनात किए जाएंगे और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। इस फैसले के पीछे मुख्य कारण सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी को बताया जा रहा है। इससे पहले दिग्गज विराट कोहली ने भी अपने दो विजय हजारे ट्रॉफी मैच बिना दर्शकों के यानी ‘क्लोज़्ड डोर’ में खेला था।
पंजाब टीम में शुभमन गिल के अलावा भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी खेलेंगे। अर्शदीप ने हाल ही में सिक्किम और गोवा के खिलाफ मैचों में अपने प्रदर्शन से टीम में जगह बनाई है। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से पंजाब टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मैच का ब्रॉडकास्ट नहीं होगा
रिपोर्ट्स के अनुसार, शुभमन गिल का यह विजय हजारे ट्रॉफी मैच टीवी या ऑनलाइन किसी भी प्लेटफॉर्म पर ब्रॉडकास्ट नहीं किया जाएगा। इससे पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली के कुछ विजय हजारे ट्रॉफी मैच भी बिना ब्रॉडकास्ट हुए थे। बीसीसीआई का कहना है कि यह कदम सुरक्षा कारणों और लोकेशन की सीमाओं को देखते हुए उठाया गया है।
हालांकि शुभमन गिल भारत की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान हैं, लेकिन उन्हें हाल ही में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2025 टीम में जगह नहीं मिली। 26 वर्षीय गिल एशिया कप में भारत की टी20 टीम में वापसी कर चुके थे और टीम के उपकप्तान भी रहे। लेकिन उनके परफॉर्मेंस के कारण उन्हें टी20 वर्ल्ड कप टीम से ड्रॉप कर दिया गया।










