भारत के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ब्राजील के ब्रासीलिया शहर में आयोजित BRICS कृषि मंत्रियों की 15वीं बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय बैठक का मुख्य विषय है - 'BRICS देशों के बीच सहयोग।'
ब्रासीलिया: केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज, 17 अप्रैल को ब्राजील के ब्रासीलिया में होने वाली ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की 15वीं बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग, नवाचार और न्यायसंगत व्यापार के माध्यम से समावेशी और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है। इस बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका और अन्य ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों और अधिकारियों का भाग लेना सुनिश्चित है।
शिवराज सिंह चौहान बैठक में ब्राजील के कृषि और पशुधन मंत्री कार्लोस हेनरिक बाक्वेटा फावारो और कृषि विकास एवं पारिवारिक कृषि मंत्री लुईज पाउलो टेक्सेरा के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान कृषि क्षेत्र में सहयोग और समावेशी विकास को लेकर चर्चाएं की जाएंगी, जो वैश्विक कृषि नवाचार और टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देने में मदद करेगी।
भारत-ब्राजील कृषि संबंधों को मिलेगा नया विस्तार
अपनी ब्राजील यात्रा के दौरान चौहान ब्राजील के कृषि एवं पशुधन मंत्री कार्लोस हेनरिक बैकेटा फेवरो और कृषि विकास एवं पारिवारिक कृषि मंत्री लुईज पाउलो टेक्सेरा के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इन वार्ताओं का उद्देश्य भारत और ब्राजील के बीच कृषि, कृषि-प्रौद्योगिकी, ग्रामीण विकास, और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को गहराना है। दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, स्मार्ट सिंचाई प्रणाली और जैविक खेती को लेकर कई समझौते होने की संभावना है।
वैश्विक मंच पर BRICS की भूमिका होगी और मजबूत
बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, और नवविस्तारित ब्रिक्स देशों – सऊदी अरब, मिस्र, यूएई, इथियोपिया, इंडोनेशिया और ईरान के कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। यह मंच ब्रिक्स देशों के बीच दक्षिण-दक्षिण सहयोग को सशक्त करने और सतत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए एक अहम अवसर है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ब्रासीलिया में भारतीय दूतावास के परिसर में केंद्रीय मंत्री ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण करेंगे। यह पहल मातृत्व को सम्मान देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का कार्य करेगी। शिवराज सिंह चौहान ने ब्राजील में कृषि क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय तकनीकों को नजदीक से देखा। उन्होंने टमाटर की सिंचाई व्यवस्था का विशेष रूप से उल्लेख किया, जहां पौधों को आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित मात्रा में पानी प्रदान किया जाता है।
इस System Controlled Micro Irrigation तकनीक ने उन्हें खासा प्रभावित किया और यह प्रणाली भारत के जल-संरक्षण मिशनों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
ब्राजीलियाई कृषि उद्योग से रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा
साओ पाउलो में मंत्री चौहान ने ब्राजील की प्रमुख कृषि व्यवसाय कंपनियों और वनस्पति तेल उद्योग संघ के प्रमुखों से मुलाकात की। इस दौरान खाद्य प्रसंस्करण, बायोफ्यूल, तकनीकी नवाचार और आपूर्ति श्रृंखला जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने भारत में निवेश और कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए भागीदारी के अवसरों का आमंत्रण दिया।
साओ पाउलो में उन्होंने भारतीय समुदाय के साथ संवाद किया और उन्हें भारत-ब्राजील संबंधों में सांस्कृतिक दूत बताते हुए उनकी भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं।
मंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किए अनुभव
शिवराज सिंह चौहान ने अपनी यात्रा के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, 'ब्राजील में BRICS कृषि मंत्रियों की बैठक में भाग लेने पहुंचा हूं। साओ पाउलो में कृषि व्यापार समुदाय के साथ हुई चर्चा से कृषि नवाचार, खाद्य सुरक्षा और वैश्विक साझेदारी के लिए नए द्वार खुले हैं। मुझे विश्वास है, यह सहयोग हमारे किसानों को सशक्त बनाएगा और वैश्विक खाद्य सुरक्षा को नया आयाम देगा।'