अमेरिकी विदेश विभाग ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अपने नागरिकों को कश्मीर यात्रा न करने की सलाह दी है, सुरक्षा स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है।
India-Pak: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिनमें से ज़्यादातर पर्यटक थे। इसके बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ कई रणनीतिक फैसले लिए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद अब अमेरिका ने भी अपने नागरिकों के लिए एक नई यात्रा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों को जम्मू-कश्मीर की यात्रा न करने की सख्त सलाह दी है।
अमेरिकी विदेश विभाग की एडवाइजरी में क्या कहा गया?
वाशिंगटन से जारी बयान में अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा:
“अमेरिकी नागरिकों को याद दिलाया जाता है कि जम्मू और कश्मीर में आतंकी हमलों और हिंसक नागरिक अशांति की आशंका बनी रहती है। ऐसे में वहां की यात्रा से परहेज़ करना ही सुरक्षित रहेगा।”
एडवाइजरी में यह भी कहा गया कि भारत के कई शहर इस वक्त हाई अलर्ट पर हैं और विशेषकर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
भारत की ओर से पाकिस्तान पर एक के बाद एक सख्त फैसले
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने आतंक के खिलाफ कड़ा स्टैंड लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा बैठक के बाद भारत ने निम्नलिखित कदम उठाए हैं:
1. सिंधु जल संधि निलंबित - भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। यह संधि भारत और पाकिस्तान के बीच जल वितरण को लेकर बनी थी।
2. राजनयिक संबंधों में कटौती - भारत ने पाकिस्तान के सैन्य और रक्षा सलाहकारों को अवांछित घोषित कर एक सप्ताह में देश छोड़ने का आदेश दिया है। साथ ही भारत ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से भी अपने राजनयिकों को वापस बुलाने का निर्णय लिया है।
3. वीजा नीति में बदलाव - भारत सरकार ने सार्क वीजा छूट योजना (SVES) के तहत जारी किए गए सभी वीजा रद्द कर दिए हैं। इसके अलावा, पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश भी जारी किया गया है।
4. अटारी बॉर्डर बंद - अटारी-वाघा बॉर्डर को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है, जिससे सीमा पार आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है।
भारत की ओर से ‘डिजिटल स्ट्राइक’ भी
पहलगाम हमले के बाद भारत ने डिजिटल मोर्चे पर भी कड़ा एक्शन लिया है। भारत में पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक X (पूर्व में Twitter) अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया है।