18 जनवरी से नई अमृत भारत ट्रेनों का संचालन, झारखंड से दिल्ली-कोलकाता-बनारस कनेक्ट

18 जनवरी से नई अमृत भारत ट्रेनों का संचालन, झारखंड से दिल्ली-कोलकाता-बनारस कनेक्ट

भारतीय रेलवे 18 जनवरी से पांच नई अमृत भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू कर रहा है। इनमें से दो ट्रेनें झारखंड के धनबाद, कोडरमा और जसीडीह जैसे स्टेशनों से होकर दिल्ली, कोलकाता और बनारस को जोड़ेगी। यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर मिलेगा।

Jharkhand: पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि हावड़ा-आनंद विहार-हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13065/13066) का उद्घाटन 18 जनवरी को होगा। उद्घाटन विशेष के रूप में यह ट्रेन संतरागाछी से दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी।

ट्रेन दुर्गापुर और आसनसोल से गुजरते हुए झारखंड के धनबाद (रात 8:55 बजे), नेसुबो गोमो (रात 9:18 बजे), पारसनाथ (रात 9:33 बजे) और कोडरमा (रात 10:25 बजे) पहुंचेगी। इसके अगले दिन ट्रेन आनंद विहार (दिल्ली) रात 9:30 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन के चलने से झारखंड के प्रमुख जिलों के यात्रियों को दिल्ली और कोलकाता जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन

इसके अलावा गाड़ी संख्या 22587 सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस भी 18 जनवरी से उद्घाटन विशेष के रूप में चलनी शुरू होगी। यह ट्रेन संतरागाछी से दोपहर 2:45 बजे रवाना होकर दुर्गापुर और आसनसोल से गुजरते हुए झारखंड के मधुपुर स्टेशन पर शाम 5:50 बजे पहुंचेगी।

इसके बाद यह ट्रेन जसीडीह जंक्शन पर रात 9:58 बजे पहुंचेगी और अगले दिन बिहार के पटना, उत्तर प्रदेश के दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन होते हुए बनारस अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। इस ट्रेन के परिचालन से जसीडीह और मधुपुर क्षेत्र के यात्रियों को कोलकाता और बनारस की यात्रा में आसानी होगी।

धनबाद और आसपास के जिलों में सुविधा

झारखंड के धनबाद, गोमो, पारसनाथ, कोडरमा और आसपास के जिलों के यात्रियों के लिए यह ट्रेन सफर को तेज और आरामदायक बनाएगी। विशेष रूप से हावड़ा-आनंद विहार एक्सप्रेस को कोडरमा होकर गुजरने के कारण क्षेत्रीय यात्री इसे बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।

साथ ही, जसीडीह से बनारस जाने वाली सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस दो प्रमुख ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ (जसीडीह के पास) और काशी विश्वनाथ (बनारस) को जोड़ने का काम भी करेगी। यात्रियों के लिए लंबी दूरी का सफर अब तेज और सुविधाजनक होगा।

नियमित समय-सारिणी और सुविधाएं

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी ट्रेनों का नियमित समय-सारिणी अलग से जारी की जाएगी। अमृत भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें आरामदायक सीटिंग, सफाई, बेहतर सुरक्षा और तेज़ गति शामिल हैं। यात्रियों को अब लंबी दूरी तय करने में सुरक्षा और सुविधा दोनों मिलेंगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई ट्रेनों से झारखंड के यात्रियों का दिल्ली, कोलकाता और बनारस की यात्रा में समय और सुविधा दोनों बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर यात्रा आसान और सुरक्षित होगी।

Leave a comment