आजादनगर में मामूली कहासुनी बनी हिंसक, चाकू और लाठियों से किया हमला

आजादनगर में मामूली कहासुनी बनी हिंसक, चाकू और लाठियों से किया हमला
AI IMAGE

आजादनगर इलाके में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में झगड़ा हो गया। चाकू और लाठियों से हुए हमले में पांच लोग घायल हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। इलाके में पुलिस जाप्ता तैनात है।

Rajasthan: भीलवाड़ा के आज़ादनगर चौराहे के पास सोमवार रात एक छोटी-सी बात ने तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में शिव मंदिर के समीप रात करीब 9:30 बजे गांधीनगर का एक किशोर गली से गुजर रहा था, तभी कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बिना वजह रोक लिया। इससे दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई।

परिचितों को बुलाया

विवाद के बाद किशोर ने अपने परिचितों को फोन कर घटना की जानकारी दी। कुछ ही समय में गांधीनगर क्षेत्र से करीब 15 से 20 युवक मौके पर पहुंच गए। इतने लोगों के एक साथ पहुंचने से माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।

दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई, जिसके बाद स्थिति हाथ से निकलती चली गई और झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा।

चाकू और लाठियों से हमला

पुलिस के अनुसार, शिव मंदिर के पास रहने वाले चिनू ढोली और कल्लू के घर में घुसने को लेकर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व चाकू से हमला कर दिया गया। 

इस झगड़े में गांधीनगर निवासी आवेश रंगरेज, तनवीर आलम, मोहम्मद आरिफ सहित दूसरे पक्ष के एक-दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

अस्पताल में इलाज जारी

झगड़े और चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। प्रशिक्षु आईपीएस आयुष श्रोत्रिय, डीएसपी भवानी सिंह और प्रतापनगर थाना प्रभारी राजपाल मौके और महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने घायलों से घटना की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी

पुलिस ने घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी जिम्मेदार लोगों को पकड़ लिया जाएगा।

घटना के बाद इलाके और अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए है।

Leave a comment