अब फेक फोटो की पहचान होगी और आसान, Gemini सिर्फ एक सेकंड में खोलेगा राज

अब फेक फोटो की पहचान होगी और आसान, Gemini सिर्फ एक सेकंड में खोलेगा राज

Google ने Gemini ऐप में नया इमेज वेरिफिकेशन फीचर जोड़ा है, जो SynthID तकनीक की मदद से यह पहचान लेता है कि कोई तस्वीर Google AI से बनी है या नहीं। यह टूल उन इमेज को तुरंत ट्रेस कर लेता है जिनमें अदृश्य वॉटरमार्क मौजूद हों, जिससे ऑनलाइन फेक तस्वीरों की जांच पहले से आसान हो जाती है।

AI Image Verification: Google ने अपने Gemini ऐप में नया इमेज वेरिफिकेशन फीचर शुरू किया है, जो तेजी से बढ़ती फेक तस्वीरों की समस्या का समाधान देने के लिए पेश किया गया। यह फीचर कंपनी की SynthID तकनीक पर आधारित है और अभी फिलहाल सिर्फ Google AI से बनी इमेज को पहचानता है। यूजर्स किसी भी संदिग्ध फोटो को ऐप में अपलोड करके पूछ सकते हैं कि वह असली है या AI से बनाई गई, और सिस्टम कुछ ही सेकंड में स्पष्ट जवाब दे देता है। इससे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर फैल रही संदिग्ध तस्वीरों की जांच काफी आसान हो जाती है।

Gemini में आया इमेज वेरिफिकेशन फीचर

Google का नया फीचर Gemini 3-पावर्ड Nano Banana Pro मॉडल के साथ उपलब्ध है। इसका काम तस्वीरों के अंदर लगे SynthID वॉटरमार्क को पहचानना है। ये मार्कर फोटो में दिखाई नहीं देते और न ही तस्वीर की गुणवत्ता बदलते हैं, लेकिन यह सिस्टम उनका विश्लेषण करके तुरंत बता देता है कि इमेज Google AI से बनी है या नहीं।

कंपनी के अनुसार 2023 से अब तक 20 अरब से ज्यादा AI-जनरेटेड इमेज पर SynthID लगाया जा चुका है। ऐसे में ऑनलाइन घूम रही बड़ी संख्या में तस्वीरें इस नए सिस्टम से पहचानने में आसान हो जाती हैं। हालांकि Gemini फिलहाल केवल Google AI से बनी इमेज को ही डिटेक्ट कर सकता है।

कैसे जांचें फोटो असली है या AI से बनी?

यह फीचर इस्तेमाल करने के लिए यूजर को बस उस तस्वीर को Gemini में अपलोड करना होता है। इसके बाद प्रश्न पूछें, जैसे “क्या यह फोटो AI-generated है?” या “क्या यह Google AI से बनी है?” ऐप कुछ ही सेकंड में SynthID मार्कर खोजकर साफ जवाब देता है। इससे सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर मिलने वाली संदिग्ध तस्वीरों की जांच आसान हो जाती है।

AI-इमेज तकनीक अब इतनी उन्नत हो चुकी है कि असली और नकली में फर्क करना मुश्किल होता है। इसी वजह से यह तरीका यूजर्स को विश्वसनीय जांच का विकल्प देता है, खासकर उन तस्वीरों के लिए जिन पर नजर डालकर सच्चाई समझ पाना संभव नहीं होता।

क्यों जरूरी हो गया यह सुरक्षा फीचर

सोशल मीडिया, मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और वेब कंटेंट में AI तस्वीरों की दखल तेजी से बढ़ रही है। कई बार गलत संदर्भ में शेयर की गई AI इमेज भ्रम पैदा कर देती हैं। ऐसे में Google का यह टूल यूजर्स को कम से कम अपनी ही तकनीक से बनी फेक इमेज की पहचान करने में मदद करेगा।

हालांकि यह हर AI टूल की इमेज को ट्रैक नहीं कर पाता, लेकिन डिजिटल वेरिफिकेशन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे इंटरनेट पर मिलने वाली विजुअल जानकारी को समझना और उसका मूल्यांकन करना आसान हो जाता है।

Leave a comment