AI आधारित सेवाओं से TCS का भविष्य उज्जवल, ब्रोकरेज ने दी शेयर खरीद की सलाह

AI आधारित सेवाओं से TCS का भविष्य उज्जवल, ब्रोकरेज ने दी शेयर खरीद की सलाह

TCS ने AI को मुख्य फोकस बनाया है। कंपनी AI आधारित सेवाओं, कर्मचारियों के प्रशिक्षण, पार्टनरशिप और अधिग्रहण पर जोर दे रही है। ब्रोकरेज हाउसों ने शेयर पर बुलिश रुख अपनाया और भविष्य के लाभ को महत्वपूर्ण माना।

TCS ने हाल ही में अपने एनालिस्ट डे में संकेत दिया कि आने वाले सालों में कंपनी का मुख्य फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर रहेगा। इस रणनीति के जरिए TCS अगले ग्रोथ स्टोरी की ओर बढ़ना चाहती है। AI से कमाई, कर्मचारियों को नए कौशल सिखाने पर निवेश, पार्टनरशिप और अधिग्रहण की योजना और मार्जिन में सुधार के प्रोजेक्ट्स ने ब्रोकरेज हाउसों का ध्यान खींचा है। PL कैपिटल, मोतीलाल ओसवाल, एक्सिस डायरेक्ट और अन्य ब्रोकरेज ने TCS पर बुलिश रुख अपनाया है।

PL कैपिटल की राय: AI से बढ़ेगा मुनाफा

PL कैपिटल की रिपोर्ट में कहा गया है कि TCS की AI से जुड़ी सेवाओं से सालाना करीब 1.5 अरब डॉलर की कमाई हो रही है। यह कमाई सामान्य IT सेवाओं की तुलना में तेजी से बढ़ रही है। बैंकिंग और बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में AI का सबसे ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन अब अन्य सेक्टर्स भी इसमें शामिल हो रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, TCS AI को धीरे-धीरे काम का हिस्सा बनाएगी। शुरू में AI इंसानों की मदद करेगा और आगे जाकर ज्यादा काम अपने आप करेगा। इसके लिए कंपनी कर्मचारियों को तैयार कर रही है और 1 अरब डॉलर से अधिक ट्रेनिंग और नई स्किल सिखाने पर खर्च कर रही है। PL कैपिटल ने TCS के शेयर पर खरीदने की सलाह दी है और इसका टारगेट प्राइस 3,800 रुपये रखा है, जो वर्तमान भाव 3,269 रुपये से करीब 16% ऊपर है।

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग का दृष्टिकोण

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग के मुताबिक TCS अब सिर्फ डिजिटल सेवाओं की कंपनी नहीं रहना चाहती। कंपनी का लक्ष्य AI पर आधारित पूरी टेक्नोलॉजी सर्विस देने वाली प्रमुख कंपनी बनना है। इसके लिए TCS ने पांच मुख्य रणनीतियों पर काम शुरू कर दिया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर कंपनी यह योजना सफलतापूर्वक लागू कर लेती है, तो वह वैश्विक प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले मजबूत स्थिति में होगी। इसी भरोसे एंटीक ने TCS को खरीदने की सलाह दी है और टारगेट प्राइस 3,575 रुपये रखा है।

नुवामा इंस्टीट्यूशनल की रिपोर्ट

नुवामा का मानना है कि TCS AI आधारित काम पर साफ तौर पर ध्यान दे रही है। कंपनी के पास इसके लिए स्पष्ट योजना है। AI से जुड़ा कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और इससे TCS को हर साल करीब 1.5 अरब डॉलर की कमाई हो रही है।

नुवामा ने यह भी कहा कि कई बड़ी कंपनियां अभी भी पुरानी टेक्नोलॉजी पर काम कर रही हैं और क्लाउड का पूरा फायदा नहीं उठा रही हैं। ऐसे में TCS AI के जरिए इन कंपनियों को नई टेक्नोलॉजी पर लाने का बड़ा मौका पा सकती है। नुवामा ने TCS को अच्छा प्रदर्शन करने वाली कंपनी बताया और इसका टारगेट प्राइस 3,650 रुपये रखा है।

मोतीलाल ओसवाल का उत्साह

मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट में बताया गया कि TCS ने पहली बार स्पष्ट रूप से अपनी AI से होने वाली कमाई का खुलासा किया। हाल की तिमाही में AI से कमाई में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई। कंपनी अब पार्टनरशिप और कंपनियों को खरीदने के मामले में भी सक्रिय हो रही है।

हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि 26 से 28 फीसदी मार्जिन का लक्ष्य थोड़ा अधिक है, लेकिन AI की बढ़ती मांग से TCS को भविष्य में बड़ा लाभ मिल सकता है। इसी भरोसे मोतीलाल ओसवाल ने TCS पर खरीदारी की सलाह दी और टारगेट प्राइस 4,400 रुपये रखा, जो वर्तमान भाव 3,269 रुपये से 35% ऊपर है।

एक्सिस डायरेक्ट की राय

एक्सिस डायरेक्ट के मुताबिक TCS का लक्ष्य दुनिया की सबसे बड़ी AI टेक कंपनी बनना है। डिजिटल सेवाओं से आगे बढ़कर AI आधारित काम पर ध्यान देने से कंपनी के लिए नए अवसर खुलेंगे।

रिपोर्ट में कहा गया कि Salesforce से जुड़ी सेवाएं, कमाई वाले सेक्टर, कर्मचारियों से जुड़े समाधान और भारत के डेटा सेंटर जैसे क्षेत्र आगे बढ़ सकते हैं। TCS अब केवल ऑटोमेशन और डेटा रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि ऐसे AI सिस्टम तैयार कर रही है जो स्मार्ट फैसले ले सकें।

एक्सिस डायरेक्ट का मानना है कि इस रणनीति के चलते TCS 26 से 28 फीसदी तक मार्जिन बनाए रख सकती है। इसी भरोसे ब्रोकरेज ने TCS के शेयर पर खरीदारी की सलाह दी और टारगेट प्राइस 3,565 रुपये रखा है।

Leave a comment