दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, मध्य प्रदेश में पारा 5 डिग्री तक गिरा

दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, मध्य प्रदेश में पारा 5 डिग्री तक गिरा

राजधानी दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बिहार के पटना और मध्य प्रदेश के भोपाल में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान गिरकर 5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने 22 दिसंबर 2025 तक उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।

Weather Forecast: देशभर में कड़ाके की ठंड का सिलसिला लगातार जारी है। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बिहार के पटना और मध्य प्रदेश के भोपाल समेत कई राज्यों में तापमान लगातार घट रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 दिसंबर 2025 तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों के लिए शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, पंजाब-हरियाणा और उत्तराखंड में विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है। IMD ने 19 दिसंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना जताई है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 23 दिसंबर तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। वहीं पंजाब में 20 और 21 दिसंबर को हल्की बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 19 और 20 दिसंबर को हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 22–25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8–10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय घना कोहरा होने से यातायात प्रभावित हो सकता है और शहर में विजिबिलिटी घट सकती है। आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) फिर 400 के ऊपर रहने की संभावना है, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उत्तर प्रदेश में 19, 20 और 21 दिसंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। 19 दिसंबर को कई जिलों में घना कोहरा छाने के साथ शीत दिवस का अलर्ट जारी किया गया है। 20 और 21 दिसंबर को भी मौसम साफ रहने के साथ कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। 22 और 23 दिसंबर को प्रदेश में सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है।

मध्य प्रदेश में तापमान 5 डिग्री तक गिरा

मध्य प्रदेश में सर्दी का असर चरम पर है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री या उससे भी नीचे पहुंच गया है। राजगढ़ और इंदौर जैसे शहरों में तापमान 4–5 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। राज्य के बड़े हिस्से में पारा लगातार 10 डिग्री से नीचे है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। मध्य प्रदेश में दिसंबर और जनवरी के दौरान शीतलहर आम बात है। 

इस समय कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5–7 डिग्री या उससे कम रह सकता है, जिससे जन-मानस के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। लोगों को रात में अलाव या हीटर का सहारा लेने की जरूरत पड़ रही है।

Leave a comment