अलवर में कार्मिक विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी हाकम खान और पत्नी पर दीपावली की रात हमला हुआ। बदमाशों ने मारपीट के बाद गहने और 39,000 रुपये लूटे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बाकी की तलाश शुरू कर दी।
अलवर: करीरिया गांव के पास कार्मिक विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी हाकम खान और उनके परिवार पर दीपावली की रात हमला हुआ। हमले में बदमाशों ने हाकम खान की कार को रोककर तोड़ा और उनके साथ पत्नी सहित मारपीट की। पुलिस ने दो बदमाशों विश्वेंद्र सिंह और नंदलाल को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी बदमाशों की तलाश जारी है।
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्पेशल टीम बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। घटना में लूट और मारपीट की गंभीर वारदात हुई, जिसमें सोने की चेन, पर्स और 39,000 रुपये नकद ले लिए गए।
बदमाशों ने कार पर हमला कर की लूट
हाकम खान अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारों से मिलकर गांव लौट रहे थे। करीरिया गांव के पास सड़क पर तीन मोटरसाइकिलें बेतरतीब खड़ी थीं। कार धीमी करने पर दो बदमाशों ने एक बाइक को हाकम खान की कार के सामने फेंक दिया, जिससे कार रुक गई।
कार रुकते ही लगभग एक दर्जन बदमाशों ने हमला बोल दिया। उन्होंने कार के शीशे पत्थरों और लोहे की सरियों से फोड़ दिए। इसके बाद हाकम खान और उनकी पत्नी को कार से बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा और फिर लूटपाट की।
लूट और मारपीट की वारदात
हमलावरों ने हाकम खान की पत्नी की सोने की चेन, उनका पर्स और कार में रखी 39,000 रुपये की नकदी ले ली। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कहा कि बदमाशों की ये कार्रवाई पूर्व योजना के तहत की गई थी।
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि पुलिस ने घटना के दो दिन बाद आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की। विश्वेंद्र सिंह और नंदलाल इटेड़ा गांव के निवासी हैं।
पुलिस की जांच करवाई
अलवर पुलिस ने घटना के तुरंत बाद स्पेशल टीम का गठन किया। टीम में एडिशनल एसपी डॉ. प्रियंका और डिप्टी एसपी कैलाश जिंदल शामिल थे। लक्ष्मणगढ़ थाना प्रभारी ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और अन्य बदमाशों की तलाश जारी रखी। जांच में जुटी टीम पूरी घटना का वीडियो और साक्ष्य इकट्ठा कर रही है।











