केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में जनसभाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर लालू-राबड़ी की सरकार आई तो बिहार में “जंगलराज” लौट आएगा।
पटना: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के खगड़िया और मुंगेर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि अगर इस चुनाव में लालू-राबड़ी वापस आए, तो बिहार में जंगलराज लौट आएगा।
अमित शाह ने लोगों से अपील की कि 6 नवंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान में एनडीए प्रत्याशी को वोट दें, ताकि बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकसित राज्य बन रहा है।
घुसपैठियों और कानून व्यवस्ता पर सवाल उठाए
अमित शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में राहुल बाबा बिहार में घुसपैठियों को बचाने आए थे। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या घुसपैठियों को मतदाता सूची से हटाया जाना चाहिए। गृह मंत्री ने भरोसा दिलाया कि एनडीए की सरकार बनने पर हर एक घुसपैठिए को बिहार से बाहर किया जाएगा।
उन्होंने बिहार में कानून व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि लालू राज में अपराध और कानून की स्थिति खराब थी, जबकि नीतीश सरकार ने राज्य में कानून को मजबूत किया और नक्सलवाद से मुक्त किया।
राष्ट्रीय सुरक्षा और सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र

अमित शाह ने यूपीए सरकार के दौरान पाकिस्तान के हमलों का हवाला देते हुए कहा कि वोट बैंक के लालच में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और लालू सरकार चुप रही। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार के समय उरी, पुलवामा और पहलगाम हमलों का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के जरिए दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी ने देश की सुरक्षा और समृद्धि के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने अर्थव्यवस्था के सुधार और देश की वैश्विक रैंकिंग में सुधार का भी जिक्र किया।
बिहार में विकास बनाम जंगलराज
अमित शाह ने बिहार में पिछले 20 वर्षों में एनडीए सरकार के नेतृत्व में हुए विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था, निवेश, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार हुए हैं।
गृह मंत्री ने सवाल उठाया कि लालू और राबड़ी के राज में बिहार को पिछड़ा बनाना और उद्योगों के पलायन की वजह क्या थी। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की सरकार ने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया है।












