दिल्ली में मार्च 2026 में होगा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल: राजधानी बनेगी वैश्विक सिनेमाई महाकुंभ की गवाह

दिल्ली में मार्च 2026 में होगा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल: राजधानी बनेगी वैश्विक सिनेमाई महाकुंभ की गवाह

दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में राजधानी में पहली बार आयोजित होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD 2026) का कर्टेन रेज़ किया।

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में पहली बार आयोजित होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 का कर्टेन रेजर किया। यह महोत्सव राजधानी को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई केंद्र के रूप में स्थापित करने का ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह महोत्सव सिर्फ फिल्मों का आयोजन नहीं है, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत, रचनात्मक ऊर्जा और आधुनिक सोच का उत्सव है। उन्होंने बताया कि यह फेस्टिवल राजधानी के आम नागरिकों के लिए भी खुलेगा और स्थानीय फिल्मकारों, तकनीशियनों और कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने का अवसर प्रदान करेगा।

कब और कहां होगा फेस्टिवल

IFFD 2026 25 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन नई दिल्ली के प्रतिष्ठित स्थलों और भारत मंडपम में किया जाएगा। फेस्टिवल के माध्यम से दिल्ली को फिल्म पर्यटन, रचनात्मक उद्योग, एवीजीसी और रोजगार सृजन के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के तहत सिंगल-विंडो सुविधा, प्रोडक्शन सपोर्ट और उद्योग सहयोग के माध्यम से दिल्ली को शूटिंग के लिए आकर्षक डेस्टिनेशन बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि IFFD 2026 राजधानी के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई दिशा देगा और इसे वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर स्थापित करेगा।

125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्में

फेस्टिवल में 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय और विश्व सिनेमा को आम जनता तक पहुँचाना और युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह महोत्सव दिल्ली को क्रिएटिव कैपिटल के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल युवा प्रतिभाओं को वैश्विक मंच प्रदान करेगा, फिल्म उद्योग में नई तकनीक और नवाचार पर चर्चा को बढ़ावा देगा, और दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेगा।

फेस्टिवल के मुख्य आकर्षण

  • गाला प्रीमियर और विशेष स्क्रीनिंग: सितारों और प्रतिष्ठित फिल्मकारों के साथ
  • डिजिटल और उभरते सिनेमा की प्रस्तुतियां: नई तकनीक और नवाचार को मंच
  • CineXchange फिल्म मार्केट और Cineverse एक्सपो: नेटवर्किंग, निवेश और वितरण के अवसर
  • मास्टरक्लास और इंडस्ट्री पैनल चर्चाएं: प्रतिभागियों के लिए ज्ञान और व्यावहारिक समझ
  • सांस्कृतिक संध्याएं और लाइव परफॉर्मेंस: कला और मनोरंजन का संगम

IFFD 2026 के माध्यम से राजधानी को वैश्विक फिल्म और सांस्कृतिक हब के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर विश्व सिनेमा की पहुंच सुनिश्चित करके व्यापक दर्शक वर्ग को गुणवत्तापूर्ण अंतरराष्ट्रीय फिल्मों से परिचित कराया जाएगा। इस प्रकार यह आयोजन रचनात्मक अर्थव्यवस्था को गति देने और कला, संस्कृति और उद्योग के बीच सशक्त सेतु का कार्य करेगा।

दिल्ली में आयोजित यह फिल्म महोत्सव न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजधानी की सांस्कृतिक और सिनेमाई महत्व को उजागर करेगा और इसे वैश्विक दर्शकों के लिए आकर्षक केंद्र बनाएगा।

Leave a comment