अयोध्या - राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, अयोध्या के प्राचार्य समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में लोकायुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं।
एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध मौत और कॉलेज प्रशासन पर भ्रष्टाचार व उत्पीड़न के आरोपों को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
लोकायुक्त की ओर से चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने को कहा गया है। समिति कॉलेज में वित्तीय अनियमितताओं, छात्रों के उत्पीड़न, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और छात्र की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करेगी।
शिकायत छात्र के पिता द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसमें कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। लोकायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि शिकायतकर्ता को भी जांच के दौरान अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए।
जांच समिति को तय समयसीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच आदेश के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हलचल मच गई है।












