भारत के बाद अब कोरिया में रिलीज होगी ‘लव इन वियतनाम’, अवनीत कौर और शांतनु माहेश्वरी ने जताई खुशी

भारत के बाद अब कोरिया में रिलीज होगी ‘लव इन वियतनाम’, अवनीत कौर और शांतनु माहेश्वरी ने जताई खुशी

अवनीत कौर और शांतनु माहेश्वरी स्टारर फिल्म ‘लव इन वियतनाम’ भारत में अपनी रिलीज के कुछ महीने बाद अब कोरिया में रिलीज होने जा रही है। हिंदी सिनेमा में भारत-वियतनाम के बीच यह पहला सहयोग है और फिल्म को लेकर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्सुकता बढ़ गई है।

Love In Vietnam Release In Korea: शांतनु माहेश्वरी और अवनीत कौर स्टारर फिल्म लव इन वियतनाम भारत में अगस्त महीने में रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म खास कमाल नहीं दिखा पाई। अब इस फिल्म को भारत के बाद कोरिया में रिलीज किया जाएगा, जिससे निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच फिल्म की स्वीकार्यता और प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।

कोरिया में 8 दिसंबर को होगी रिलीज

फिल्म के निर्देशक राहत शाह काजमी द्वारा निर्देशित यह रोमांटिक ड्रामा 8 दिसंबर 2025 को कोरियाई सिनेमाघरों में रिलीज होगी। भारत में फिल्म 12 सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे ज्यादा सफलता नहीं मिल पाई। फिल्म सबाहतिन अली के सबसे ज्यादा बिकने वाले उपन्यास ‘मैडोना इन अ फर कोट’ से प्रेरित है और इसे एक दिल दहला देने वाली प्रेम कहानी के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

कोरिया में फिल्म की रिलीज के साथ ही यह कहानी एक नई अंतरराष्ट्रीय पहचान भी हासिल करने जा रही है। हिंदी सिनेमा के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है क्योंकि यह भारतीय फिल्मों के कोरियाई दर्शकों के बीच प्रवेश का प्रतीक है।

अवनीत कौर की खुशी

फिल्म की मुख्य अभिनेत्री अवनीत कौर ने कोरिया में रिलीज को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा,

'मुझे यह जानकर बहुत खुशी है कि कोरियाई दर्शक हमारी फिल्म को कितना प्यार दे रहे हैं। हमारी फिल्म का कोरिया में रिलीज होना किसी उपहार से कम नहीं है। मैं चाहती हूं कि जब यह रिलीज हो तो मैं वहां मौजूद रहूं और दर्शकों के प्यार और समर्थन का शुक्रिया अदा कर सकूं।'

अवनीत का मानना है कि कोरियाई दर्शक फिल्म की भावनाओं और कहानी की गहराई को सराहेंगे, और यह अनुभव उनके लिए व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों ही रूपों में खास रहेगा।

शांतनु माहेश्वरी ने जताई उत्सुकता

फिल्म के हीरो शांतनु माहेश्वरी ने भी कोरिया में फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा,

'कोरियाई सिनेमाघरों में हमारी फिल्म की रिलीज से मुझे बेहद खुशी है। सबसे खास बात यह है कि कोरियाई दर्शक फिल्म की छोटी-छोटी भावनात्मक बारीकियों पर कैसे प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वे उन पहलुओं पर ध्यान देते हैं, जिनकी हमने भारत और वियतनाम में उम्मीद भी नहीं की थी। मैं वहां जाकर दर्शकों से मिलना और उनसे बातचीत करना चाहता हूं।'

शांतनु का कहना है कि कोरियाई कला और सांस्कृतिक दृष्टिकोण उन्हें हमेशा से आकर्षित करता रहा है और अब जब उनकी फिल्म वहां रिलीज हो रही है, तो यह अनुभव उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

 

Leave a comment