भारत–कनाडा रिश्तों में सुधार के बीच कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अगले साल भारत आएंगे। G20 बैठक में PM मोदी के निमंत्रण के बाद यह यात्रा तय हुई। दोनों देशों ने CEPA, व्यापार, ऊर्जा और तकनीक सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
Canada: जोहानिसबर्ग में G20 शिखर सम्मेलन से इतर हुई द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत आने के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया। कनाडा के पीएम कार्यालय ने पुष्टि की कि कार्नी 2026 की शुरुआत में भारत की आधिकारिक यात्रा करेंगे। बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, रक्षा और अंतरिक्ष सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
G20 बैठक के दौरान मिला निमंत्रण
जोहानिसबर्ग में G20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई द्विपक्षीय वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को भारत आने का निमंत्रण दिया था। कार्नी ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री कार्नी 2026 की शुरुआत में भारत आएंगे।

दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। इसके साथ रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
सीईपीए पर बातचीत शुरू करने की सहमति
बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने वस्तुओं, सेवाओं, निवेश, कृषि, डिजिटल व्यापार और सतत विकास को शामिल करते हुए एक महत्वाकांक्षी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर औपचारिक रूप से बातचीत शुरू करने पर सहमति व्यक्त की। मोदी और कार्नी ने मंत्रियों और कारोबारी समुदाय के बीच नियमित उच्च-स्तरीय यात्राओं के महत्व को भी स्वीकार किया। कार्नी ने कानून लागू करने से संबंधित मुद्दों पर हो रही प्रगति का स्वागत किया।
2023 में बिगड़े थे संबंध
कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा वर्ष 2023 में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का हाथ होने का आरोप लगाने के बाद दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए थे। भारत ने इन आरोपों को ‘बेतुका’ बताते हुए खारिज कर दिया था। हाल के महीनों में दोनों पक्षों ने संबंधों को सामान्य बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं।












